बारिश से लबालब ट्रैक पर दौड़ी वंदे भारत, पानी चीरती ट्रेन का VIDEO देख लोग बोले- ‘फिल्मी सीन लग रहा’
Vande Bharat Viral Video : मुंबई के कांजुर मार्ग में भारी बारिश के बीच पानी से भरे रेलवे ट्रैक पर दौड़ती वंदे भारत एक्सप्रेस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Vande Bharat on Waterlogged Tracks : मुंबई में मानसून की भारी बारिश के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल क्लिप में ट्रेन कांजुर मार्ग इलाके में पानी से पूरी तरह भरे रेलवे ट्रैक पर तेज रफ्तार से गुजरती नजर आती है। जैसे ही वंदे भारत पानी से लबालब ट्रैक को चीरते हुए आगे बढ़ती है, उसके दोनों ओर पानी की ऊंची-ऊंची लहरें उठने लगती हैं।
यह नजारा इतना शानदार दिखाई देता है कि कई यूजर्स ने इसे किसी फिल्म के एक्शन सीन जैसा बताया। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और जलभराव वाले ट्रैक पर ट्रेन चलाने को लेकर सवाल भी उठाए हैं।
बारिश से लबालब ट्रैक पर दौड़ते दिखी वंदे भारत
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि फ्लाईओवर के नीचे रेलवे ट्रैक पूरी तरह पानी में डूबे हुए हैं। इसी दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस तेज गति से वहां पहुंचती है और पानी को चीरते हुए आगे निकल जाती है। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज होती है कि पानी की ऊंची बौछारें फ्लाईओवर तक पहुंच जाती हैं।
कुछ ही सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो देखने वाले कई लोगों ने ट्रेन की इंजीनियरिंग और प्रदर्शन की तारीफ की, जबकि कुछ ने सवाल उठाया कि जब ट्रैक पर इतना अधिक पानी भरा था तो ट्रेन को वहां से गुजरने की अनुमति क्यों दी गई।
ये खबर भी पढ़ें : ट्रक पलटा तो मदद की बजाय आम लूटने लगे लोग, वायरल VIDEO देख भड़के सोशल मीडिया यूजर्स
वीडियो देख लोग बोले- ‘फिल्मी सीन लग रहा’
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @indiatrend.in नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। पोस्ट के साथ बताया गया कि मानसून के दौरान वंदे भारत का यह दृश्य लोगों का ध्यान खींच रहा है। कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, “वंदे भारत तो चीन जैसी आधुनिक ट्रेन है, लेकिन हमारे ट्रैक अभी भी सुधार की मांग करते हैं।”
दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा, “फ्लाईओवर पर चल रहे लोगों को लगा होगा कि नीचे से भी बारिश शुरू हो गई।” वहीं कई लोगों का कहना था कि यह दृश्य देखने में बेहद रोमांचक जरूर है, लेकिन रेलवे को जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान भी करना चाहिए ताकि यात्रियों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता न हो।
