वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
UK Travel Vlogger : ब्रिटेन के ट्रैवल व्लॉगर रोरी पोर्टर ने हाल ही में दिल्ली मेट्रो की अपनी यात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने शुरुआत से लेकर अंत तक पूरे अनुभव को विस्तार से दिखाया।
सबसे पहले वह मेट्रो स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खड़े नजर आते हैं और एंट्री प्रक्रिया समझाते हैं। वह बताते हैं कि यहां बैग को एक्स-रे मशीन से स्कैन कराया जाता है, बिल्कुल एयरपोर्ट की तरह सुरक्षा जांच होती है। उन्होंने कैमरे के जरिए सिक्योरिटी सेटअप भी दिखाया और इसे सुरक्षित और व्यवस्थित बताया।
रोरी ने किराए की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि करीब आधे घंटे की यात्रा के लिए उन्हें सिर्फ 43 रुपये देने पड़े, जो उनके अनुसार दुनिया की सबसे सस्ती मेट्रो सेवाओं में से एक है।
जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचती है, वह सिल्वर रंग के कोच दिखाते हैं और अंदर जाकर रिकॉर्डिंग जारी रखते हैं। अंदर का दृश्य दिखाते हुए वह कहते हैं कि ट्रेन बेहद आधुनिक, साफ-सुथरी और सुगंधित है। उन्होंने सीटों की व्यवस्था और एसी सुविधा की भी तारीफ की।
ये खबर भी पढ़ें : कोचिंग जा रही लड़की से मोबाइल लूट, CCTV में कैद हुई वारदात
यात्रा के दौरान रोरी ने भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि डिब्बे में ज्यादा भीड़ नहीं थी और बैठने के लिए पर्याप्त सीटें मौजूद थीं। उन्होंने दिल्ली मेट्रो को बेहद कुशल और बेहतर कनेक्टिविटी वाला सिस्टम बताया।
यहां तक कि उन्होंने इसे लंदन मेट्रो से भी बेहतर करार दिया। उनका कहना था कि यह दुनिया की बेहतरीन मेट्रो सेवाओं में से एक है। वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है और लोग उनके अनुभव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं।