दिल्ली मेट्रो में दिखा अनोखा नज़ारा, स्टेशन के अंदर लगी अंडरवियर बेचने वाली वेंडिंग मशीन, वीडियो वायरल

Delhi Metro : दिल्ली मेट्रो स्टेशन के अंदर अंडरवियर बेचने वाली वेंडिंग मशीन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान और मनोरंजन से भर गए हैं।
A video showing underwear vending machines inside a Delhi Metro station is going viral on social media.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Underwear Vending Machine : दिल्ली मेट्रो रोज़ाना लाखों लोगों की ज़िंदगी का हिस्सा है। सफर के दौरान इयरफोन भूल जाना, ट्रेन मिस हो जाना या सीट को लेकर बहस होना आम बात है, लेकिन हाल ही में मेट्रो स्टेशन के अंदर ऐसा नज़ारा दिखा, जिसने लोगों को हंसने के साथ-साथ सोचने पर भी मजबूर कर दिया।

दरअसल, एक मेट्रो स्टेशन के अंदर अंडरवियर बेचने वाली वेंडिंग मशीन लगाई गई है। इस अनोखी सुविधा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही चर्चा का विषय बन गया।

स्नैक्स की जगह मशीन में मिले अंडरवियर

यह वीडियो एक महिला ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसमें मेट्रो स्टेशन के अंदर दीवार के पास तीन बड़ी वेंडिंग मशीनें नजर आती हैं। पहली नजर में ये मशीनें सामान्य स्नैक्स या कोल्ड ड्रिंक वाली लगती हैं, लेकिन जैसे ही कैमरा पास जाता है, अंदर अंडरवियर के पैकेट साफ दिखाई देते हैं।

मशीनें पूरी तरह डिजिटल हैं, साफ-सुथरी जगह पर लगी हैं और ऊपर एक बड़ा विज्ञापन पोस्टर भी लगा हुआ है। वीडियो बनाते वक्त महिला खुद हैरानी और हंसी में कहती है कि मेट्रो में सफर करते समय अगर किसी को अचानक नए अंडरवियर की जरूरत पड़ जाए, तो अब उसका भी इंतजाम हो गया है।

सोशल मीडिया पर मज़ेदार रिएक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने इसे “दिल्ली मेट्रो की सबसे अनोखी सुविधा” बताया, तो कुछ ने मज़ाक में लिखा कि अब मेट्रो स्टेशन मिनी मॉल बनते जा रहे हैं।

वहीं कुछ लोगों का कहना है कि यह आइडिया उन यात्रियों के लिए फायदेमंद हो सकता है, जो लंबी यात्रा पर जा रहे हों या अचानक किसी जरूरत में फंस जाएं। कुल मिलाकर, यह वीडियो लोगों को हंसाने के साथ यह भी दिखाता है कि शहरी सुविधाएं अब कितनी अलग और आधुनिक होती जा रही हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com