

Travel Vlogger Viral Video : सोशल मीडिया पर एक ट्रैवल व्लॉगर का वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। आमतौर पर ट्रैवल व्लॉगर्स अपने दर्शकों को घूमने की जगहों की पूरी जानकारी देते हैं, लेकिन इस बार मामला थोड़ा अलग है। वायरल वीडियो में ट्रैवल व्लॉगर चयनिका शर्मा एक बेहद खूबसूरत झरने के सामने खड़ी नजर आती हैं।
वीडियो में उन्होंने साफ शब्दों में लिखा, “लोकेशन नहीं बताऊंगी, तुम सब कचरा कर दोगे।” इस एक लाइन ने इंटरनेट पर बड़ी बहस छेड़ दी और हजारों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कई लोगों ने उनके फैसले की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक जगहों को बचाने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं।
वायरल वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोगों ने व्लॉगर के फैसले को समझदारी भरा बताया। एक यूजर ने लिखा कि आखिर किसी ने तो प्रकृति को बचाने के लिए ऐसा कदम उठाया है। दूसरे यूजर ने कहा कि यह सबसे अच्छा फैसला है, क्योंकि कई खूबसूरत जगहें लोगों की लापरवाही के कारण पिकनिक स्पॉट बनकर रह गई हैं।
कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि उन्हें इस जगह की जानकारी है, लेकिन वे भी इसकी लोकेशन सार्वजनिक नहीं करेंगे। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने माना कि पर्यटन बढ़ने के साथ-साथ प्राकृतिक स्थलों पर गंदगी की समस्या भी तेजी से बढ़ी है।
दरअसल, भारत के कई पहाड़ी और पर्यटन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे स्थानीय व्यापार को फायदा होता है। हालांकि, कई लोग प्लास्टिक, खाने के पैकेट और अन्य कचरा खुले में फेंक देते हैं, जिससे प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित होती है। इसी चिंता को ध्यान में रखते हुए व्लॉगर ने झरने की सटीक लोकेशन साझा नहीं की।
हालांकि उन्होंने संकेत दिया कि यह खूबसूरत जगह हिमाचल प्रदेश में स्थित है। वीडियो में दिख रहा झरना साफ-सुथरा और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर नजर आता है। लोगों का मानना है कि अगर पर्यटक जिम्मेदारी से व्यवहार करें और स्वच्छता का ध्यान रखें, तो ऐसी खूबसूरत जगहों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।