

Bhojpuri Man Speech : सोशल मीडिया पर इन दिनों ट्रेन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक यात्रियों को सफाई के बारे में जागरूक करता दिख रहा है। रेलवे में सफर करते हुए लोग अक्सर कचरा फैलाते हैं, सीटों के नीचे सामान फेंक देते हैं और ट्रेन को गंदा कर देते हैं। इसी समस्या को लेकर इस युवक ने बेहतरीन तरीके से लोगों को समझाने की कोशिश की, जो अब इंटरनेट पर खूब पसंद की जा रही है।
वीडियो में दिखाई देता है कि यह युवक ट्रेन में खड़ा होकर सबसे पहले शांत आवाज़ में कहता है, “एक मिनट, यहां मौजूद सभी लोग, अगर आप अपना फोन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो प्लीज़ उसे दो मिनट के लिए बंद कर दें और मेरी बात ध्यान से सुनें।” उसकी गंभीरता देखकर यात्री भी उसकी बात सुनने लगते हैं।
इसके बाद वह सरकार द्वारा दी गई सुविधाओं के बारे में बात करता है। वह कहता है कि जैसे हम अपने घर को साफ रखते हैं, वैसे ही ट्रेन को भी साफ रखना चाहिए। वह लोगों को याद दिलाता है कि जब हम बड़ा बैग लेकर यात्रा कर सकते हैं, तो एक छोटा प्लास्टिक बैग भी ले जा सकते हैं, जिसमें कचरा इकट्ठा किया जा सके।
युवक आगे कहता है कि सफाई रखना सरकार या रेलवे का ही काम नहीं है, बल्कि हर यात्री की जिम्मेदारी है। वह आग्रह करता है कि खाना खाते समय एक छोटा बैग साथ रखें और कचरा उसी में जमा करें। उचित जगह पर डस्टबिन मिलते ही उसे फेंक दें।
युवक का यह सरल, ईमानदार और दिल को छू लेने वाला संदेश लोगों को बेहद पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग उसकी तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि अगर हर यात्री ऐसी जिम्मेदारी दिखाए तो ट्रेनें हमेशा साफ रहेंगी।