

MS Dhoni Drives Virat Kohli Back To Team Hotel: भारतीय टीम तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के लिए रांची पहुंच गई है। टेस्ट सीरीज के बाद अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। जिसका पहला मुकाबला 30 नवंबर को रांची में होगा। रांची में भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को महेंद्र सिंह धोनी ने अपने घर पर दावत दी।
दिग्गज भारतीय कप्तान और पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने गुरुवार (27 नवंबर) को रांची में अपने घर पर बैटिंग सुपरस्टार विराट कोहली को डिनर पर बुलाया। गुरुवार शाम को विराट कोहली रांची में धोनी के घर गए। वहां उन्होंने डिनर किया। जिसके बाद धोनी खुद ही कार ड्राइव करते हुए कोहली को टीम होटल तक छोड़कर आए। जिसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
कोहली पिछले साल लंदन में शिफ्ट हो गए हैं। वो वहां अपने परिवार के साथ रहते है। कोहली 25 को भारत पहुंचे थे। जिसके बाद वो 26 को रांची पहुंचे। कोहली को रांची एयरपोर्ट पहुंचते ही झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सौरभ तिवारी और कोषाध्यक्ष शाहबाज नदीम ने उनका स्वागत किया। दोनों खिलाड़ी उनके साथ पहले भी खेल चुके हैं। उसके बाद गुरुवार की शाम को कोहली ने कुछ वक्त धोनी के साथ बिताया। रात में धोनी ने उन्हें टीम होटल तक छोड़ा।
भारत ने आखिरी बार रांची में पिछले साल इंटरनेशनल मैच खेला था। फरवरी 2024 में भारत-इंग्लैंड का चौथा टेस्ट रांची में खेला गया था। लेकिन कोहली उस टेस्ट मैच में नहीं खेले, क्योंकि वह अपने दूसरे बच्चे अकाय के जन्म के कारण पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे। विराट ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैच खेले थे। जिसमें उन्होंने केवल एक अर्धशतक लगाने में सफल हो पाए थे। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम को वनडे सीरीज में 2-1 से हार मिली थी। अब विराट की नजरें इस वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने पर होगी।
विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अब तक 31 वनडे मैचों में हिस्सा लिया है। इन मैचों में उन्होंने 29 पारियों में खेलते हुए कुल 1504 रन बनाए और उनका औसत 65.39 का रहा। कोहली ने इस टीम के खिलाफ 5 शतक और 8 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनके स्ट्राइक रेट की बात करें तो यह 85.74 का रहा।
तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच रांची में खेला जाएगा। पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में, दूसरा वनडे 3 दिसंबर को रायपुर में और तीसरा वनडे 6 दिसंबर को विशाखापत्तनम में खेला जाएगा। वनडे सीरीज में इंजर्ड शुभमन गिल की जगह केएल राहुल टीम इंडिया के कप्तान हैं।