कभी महीने में होती थी ₹13 लाख की कमाई, अब बचते हैं सिर्फ ₹1 लाख; डोसा रेस्टोरेंट मालिक की कहानी वायरल

Viral Business Story : ठाणे के एक डोसा रेस्टोरेंट मालिक ने वायरल वीडियो में अपने बिजनेस की असली तस्वीर साझा की। उन्होंने बताया कि कभी उनकी दुकान का मासिक राजस्व 12-13 लाख रुपये तक पहुंच गया था।
A Thane dosa restaurant owner revealed in a viral video that despite generating lakhs in monthly revenue, only around ₹1 lakh remains after expenses.
वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Restaurant Revenue : अपना कारोबार शुरू करने का सपना कई लोग देखते हैं, लेकिन इसके पीछे की चुनौतियां अक्सर सामने नहीं आ पातीं। सोशल मीडिया पर इन दिनों ठाणे के एक डोसा रेस्टोरेंट मालिक का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने फूड बिजनेस की वास्तविक तस्वीर लोगों के सामने रखी है।

कंटेंट क्रिएटर उत्कर्ष वर्मा से बातचीत के दौरान बेन्ने रश (Benne Rush) रेस्टोरेंट के मालिक ने बताया कि शुरुआती दौर में उनकी दुकान का मासिक राजस्व 12 से 13 लाख रुपये तक पहुंच गया था।

हालांकि समय के साथ ग्राहकों की संख्या कम हुई और अब सभी खर्चों के बाद उनके पास करीब 1 लाख रुपये प्रति माह ही बच पाते हैं। यह वीडियो एक्स पर @2Varalakshmi नाम के अकाउंट से भी शेयर किया गया है।

₹13 लाख की कमाई से ₹1 लाख पर पहुंचा डोसा व्यापारी

बातचीत के दौरान रेस्टोरेंट मालिक ने बताया कि हर महीने दुकान का करीब 1 लाख रुपये किराया, 1.5 लाख रुपये कर्मचारियों के वेतन पर खर्च होता है। इसके अलावा बिजली बिल, कच्चा माल और अन्य परिचालन खर्चों को जोड़ने पर कुल मासिक खर्च लगभग 4 लाख रुपये तक पहुंच जाता है।

उनका कहना है कि गर्मियों में ग्राहकों की संख्या कम होने से कारोबार प्रभावित होता है, जबकि सर्दियों में बिक्री फिर बढ़ जाती है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि वे नौकरी करने के बजाय अपना व्यवसाय चलाना ही पसंद करते हैं।

जब उनसे नौकरी छोड़कर बिजनेस शुरू करने की सोच रखने वालों के लिए सलाह मांगी गई, तो उन्होंने कहा, "अगर आपके मन में अपना कुछ करने का सपना है, तो जरूर कोशिश करें। शुरुआत में असफलता मिल सकती है, लेकिन लगातार प्रयास करने वालों को एक दिन सफलता जरूर मिलती है।"

रेवेन्यू और प्रॉफिट के अंतर को लेकर चर्चा छिड़ गई

वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर रेवेन्यू (Revenue) और प्रॉफिट (Profit) के अंतर को लेकर चर्चा छिड़ गई। कई यूजर्स ने कहा कि 12 लाख रुपये मासिक राजस्व और 1 लाख रुपये के मुनाफे में फर्क समझना जरूरी है। एक यूजर ने लिखा, "वह सिर्फ कमाई नहीं कर रहे, बल्कि कई लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं।"

दूसरे ने कहा कि अगर 1 लाख रुपये शुद्ध मुनाफा है, तब भी यह छोटे व्यवसाय के हिसाब से अच्छी उपलब्धि है। वहीं कुछ लोगों ने खर्च और मुनाफे के आंकड़ों पर सवाल भी उठाए। हालांकि वायरल वीडियो में बताए गए राजस्व और मुनाफे के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com