10 साल पुरानी डायरी में लिखे थे छोटे-छोटे सपने, बेटे ने खोला राज तो भावुक हो गए लोग

Gratitude Diary : एक बेटे को अपने पिता की 10 साल पुरानी डायरी मिली, जिसमें रोजमर्रा की छोटी-छोटी चीजों के लिए आभार व्यक्त किया गया था। वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है।
A father's 10-year-old gratitude diary has gone viral after many of the simple dreams written in it eventually came true.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Father Diary : कभी-कभी जिंदगी की सबसे बड़ी सीख किसी पुरानी डायरी के पन्नों में छिपी होती है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो लोगों का दिल जीत रहा है। इंस्टाग्राम यूजर आशुतोष प्रतिहस्त ने अपने पिता की करीब 9 से 10 साल पुरानी डायरी दिखाई, जिसमें हर पन्ने पर किसी न किसी छोटी-सी चीज के लिए आभार व्यक्त किया गया था। यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे सकारात्मक सोच और कृतज्ञता की खूबसूरत मिसाल बता रहे हैं।

10 साल पुरानी डायरी में पिता ने लिखे थे सपने

वीडियो में आशुतोष अपने पिता से डायरी के बारे में पूछते हैं। पिता बताते हैं कि उन्होंने यह डायरी करीब दस साल पहले लिखनी शुरू की थी। जब आशुतोष इसके पन्ने पलटते हैं तो उसमें फ्रिज, ठंडा पानी, पत्नी का साथ, बच्चों की पढ़ाई, दो कुर्सियां, दो कंबल, प्रेशर कुकर, पंखा, अलमारी, सेंटर टेबल, सोफा और यहां तक कि वाई-फाई जैसी साधारण चीजों के लिए भी धन्यवाद लिखा मिलता है।

पिता बताते हैं कि उन्होंने 'द सीक्रेट' (The Secret) किताब पढ़ने के बाद कृतज्ञता और सकारात्मक सोच की आदत अपनाई थी। उनका मानना था कि जिन चीजों के लिए आप दिल से आभार व्यक्त करते हैं, वे धीरे-धीरे आपकी जिंदगी का हिस्सा बन सकती हैं।

वर्षों बाद परिवार के पास वे सभी चीजें आ गईं, जिनका उन्होंने डायरी में जिक्र किया था। इतना ही नहीं, आज उनके पास BMW और Land Rover Defender जैसी लग्जरी कारें भी हैं।

बेटे ने खोला राज तो भावुक हो गए लोग

वायरल वीडियो के अंत में आशुतोष डायरी की एक खास पंक्ति पढ़ते हैं, जिसमें लिखा है, "अगर आप एक चीज देंगे, तो सब कुछ मिलेगा। अगर वह एक चीज नहीं देंगे, तो जो है वह भी खो सकते हैं।"

पिता बताते हैं कि यहां "एक चीज" का मतलब कृतज्ञता (Gratitude) है। यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है। एक यूजर ने लिखा कि यह डायरी याद दिलाती है कि सफलता मिलने के बाद नहीं, बल्कि पहले आभार जताना सीखना चाहिए।

वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि आज की पीढ़ी छोटी-छोटी परेशानियों से निराश हो जाती है, जबकि इस डायरी ने सिखाया कि साधारण चीजों के लिए भी शुक्रगुजार होना जीवन को बेहतर बना सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com