ट्रैफिक में दिखा अनोखा नजारा, सनरूफ से बाहर झांकता पौधा हुआ सोशल मीडिया पर वायरल
Sunroof Plant : ट्रैफिक में फंसी एक Tata Sierra कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सनरूफ से बाहर निकला पौधा लोगों को हंसने पर मजबूर कर रहा है।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Traffic Viral Clip : सोशल मीडिया पर हर दिन कुछ न कुछ ऐसा सामने आ ही जाता है, जो लोगों को हैरान करने के साथ-साथ मुस्कुराने पर मजबूर कर देता है। कभी देसी जुगाड़ के वीडियो वायरल होते हैं तो कभी आम जिंदगी के छोटे-छोटे पल इंटरनेट पर बड़ी चर्चा बन जाते हैं।
हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है, जिसने सादगी और अनोखे अंदाज के चलते लाखों लोगों का ध्यान खींच लिया। यह वीडियो न तो किसी खतरनाक स्टंट का है और न ही किसी बड़ी घटना से जुड़ा है, लेकिन फिर भी इसकी मासूमियत और क्रिएटिविटी ने इसे खास बना दिया है।
गमला ले जाने के लिए सनरूफ का इस्तेमाल
यह वायरल वीडियो एक व्यस्त सड़क पर ट्रैफिक में फंसी कार के अंदर से रिकॉर्ड किया गया है। शुरुआत में वीडियो पूरी तरह सामान्य लगता है, जहां चारों तरफ गाड़ियां, ऑटो रिक्शा और सड़क किनारे दुकानें नजर आती हैं। लेकिन कुछ ही सेकंड में कैमरा आगे चल रही एक चमकीली पीली Tata Sierra पर टिक जाता है।
पहली नजर में यह भी एक आम कार जैसी ही दिखाई देती है, लेकिन जैसे ही कैमरा थोड़ा जूम करता है, एक बेहद अलग और मजेदार नजारा सामने आता है। कार के खुले सनरूफ से एक छोटा सा ताड़ का पौधा बाहर निकला हुआ होता है, जिसकी पत्तियां हवा में हल्के-हल्के हिल रही होती हैं। ऐसा लगता है मानो पौधा भी ट्रैफिक में सफर कर रहा हो।
ये खबर भी पढ़ें : बजट नहीं, चटनी की रेसिपी! महिला ने मजेदार अंदाज में आम बजट को किया रोस्ट, वीडियो वायरल
वीडियो पर लोगों ने किए मजेदार कमेंट
वीडियो को और मजेदार बनाने का काम स्क्रीन पर लिखी एक लाइन करती है, जिसमें कहा गया है कि आखिरकार सनरूफ का असली उपयोग समझ में आ गया। आमतौर पर सनरूफ को लग्जरी और स्टाइल से जोड़ा जाता है, जहां लोग फोटो खिंचवाते हैं या हवा का मजा लेते हैं, लेकिन यहां इसका इस्तेमाल पौधा ढोने के लिए किया गया।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स के मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई। किसी ने इसे पहियों पर फल कहा, तो किसी ने चलती-फिरती नर्सरी बताया। कुछ लोगों ने इसे अनानास जैसा दिखने वाला पौधा तक कह दिया। कुल मिलाकर, यह छोटा सा वीडियो लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने में कामयाब रहा और यही इसकी सबसे बड़ी खासियत बन गई।
