हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकलीं मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक, रास्ते भर हुआ फूलों से स्वागत

Tamanna Malik Kanwar Yatra : संभल की तमन्ना मलिक हरिद्वार से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकलीं। रास्ते में उनका फूलों से स्वागत हुआ और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
Tamanna Malik from Sambhal received a warm welcome during her Kanwar Yatra from Haridwar.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Kanwar Yatra Viral Video : उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बदनपुर बस्सी गांव की रहने वाली तमन्ना मलिक इन दिनों अपनी आस्था को लेकर चर्चा में हैं। महाशिवरात्रि से पहले वह हरिद्वार पहुंचीं और वहां से गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा पर निकलीं।

बताया जा रहा है कि तमन्ना ने एक मन्नत मांगी थी, जो पूरी होने के बाद उन्होंने भगवान शिव को जल चढ़ाने का संकल्प लिया। इसी श्रद्धा के साथ वह कंधे पर कांवड़ रखकर अपने गांव की ओर बढ़ रही हैं। गांव पहुंचकर शिवरात्रि के दिन स्थानीय शिव मंदिर में जलाभिषेक करने की उनकी तैयारी है।

कांवड़ यात्रा लेकर निकली मुस्लिम महिला

तमन्ना की इस यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में वह श्रद्धा के साथ कांवड़ लेकर चलते हुए दिखाई देती हैं। जब वह नूरपुर और बिजनौर इलाके से गुजरीं, तो बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने के लिए जुट गए।

कई स्थानों पर लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। उनके साथ शिव भक्तों का एक जत्था भी चल रहा है, जो पूरी भक्ति के साथ उनका साथ दे रहा है। लोगों का कहना है कि यह यात्रा सिर्फ धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि आपसी सम्मान और सौहार्द का भी प्रतीक है।

समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली मिसाल

यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है, ताकि माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।

तमन्ना मलिक की यह अनोखी पहल अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन चुकी है। लोग इसे श्रद्धा, विश्वास और समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली मिसाल के रूप में देख रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com