रोहिणी कोर्ट में जज और वकील के बीच तीखी बहस, वायरल वीडियो ने उठाए कई सवाल

Rohini Court Viral Video : दिल्ली के रोहिणी कोर्ट में जज और वकील के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना के बाद न्यायपालिका की गरिमा और कोर्टरूम अनुशासन को लेकर सवाल उठे।
A heated argument between a judge and lawyers inside Delhi’s Rohini Court has gone viral on social media.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Judge Lawyer Argument : दिल्ली के रोहणी कोर्ट से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कोर्टरूम के अंदर जज और वकीलों के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कोर्ट नंबर 212 में अतिरिक्त जिला जज श्री राकेश सिंह और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के बीच सुनवाई के दौरान विवाद शुरू हुआ।

मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच तेज आवाज में बहस, आरोप-प्रत्यारोप और कथित रूप से अभद्र भाषा तक इस्तेमाल होने लगी। वायरल वीडियो ने न्यायपालिका की गरिमा और अदालतों में अनुशासन को लेकर नई बहस छेड़ दी है। वीडियो में कोर्ट रूम के अंदर मौजूद कई वकील और कर्मचारी भी नजर आ रहे हैं, जो पूरे घटनाक्रम को देखते रहे।

जज और वकीलों के बीच तीखी बहस का वीडियो वायरल

जानकारी के मुताबिक, विवाद किसी केस की सुनवाई के दौरान शुरू हुआ। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कोर्ट में मौजूद वकील खड़े हैं और जज तथा एक वकील के बीच तीखी नोकझोंक हो रही है। वीडियो में जज कहते सुनाई देते हैं, “क्या बात है?” जिस पर वकील गुस्से में जवाब देते हैं कि “ये सही तरीका नहीं है।” इसके बाद बहस और तेज हो जाती है।

वीडियो में वकील कथित तौर पर जज पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहते हैं कि “आप कोर्ट में शराब पीकर बैठते हो और धमकियां देते हो।” इस पर जज जवाब देते हैं कि “इल्जाम मत लगाओ।” बहस के दौरान वकील यह भी कहते सुनाई देते हैं कि वह इस मामले को हाई कोर्ट तक पहुंचाएंगे। मामला इतना बढ़ गया कि कोर्ट कर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ कई लोग न्याय व्यवस्था में बार और बेंच के बीच सम्मान बनाए रखने की बात भी कह रहे हैं।

वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बना

घटना के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की जमकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ यूजर्स ने इसे न्याय व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में कमेंट किए। एक यूजर ने लिखा कि “अब इनका फैसला कौन करेगा?” वहीं दूसरे यूजर ने कहा कि “अगर कोर्ट में ही ऐसा माहौल होगा तो आम आदमी न्याय के लिए कहां जाएगा।”

इस बीच दिल्ली की जिला अदालतों की बार एसोसिएशनों की समन्वय समिति ने पूरे मामले पर आपात बैठक बुलाकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। समिति ने बयान जारी कर कहा कि कोर्ट में इस तरह का व्यवहार न्यायिक गरिमा के अनुरूप नहीं है और मामले में उचित कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल यह वायरल वीडियो चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।

Navbharat Live
navbharatlive.com