PG की कुक बनीं मां जैसी, लड़कियों ने ‘थैंक यू’ कहने के लिए मना डाला सरप्राइज बर्थडे; वीडियो वायरल

PG Cook Viral Video : PG में रहने वाली लड़कियों ने अपनी कुक को खास महसूस कराने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है।
PG girls surprised their cook with a heartfelt birthday celebration to thank her for serving food with motherly love.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Hostel Girls Surprise Cook : PG में रहने का सबसे बड़ा समझौता होता है- मां के हाथ का खाना। बाहर रहकर पढ़ाई या नौकरी करने वाले हर इंसान को यह बात सबसे ज्यादा खलती है। हालांकि, कभी-कभी कोई ऐसा मिल जाता है जो खाने में सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि अपनापन और प्यार भी मिला देता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी एहसास को दिखाता है, जहां एक PG की कुक ने अपने खाने से लड़कियों को मां की याद दिला दी। लड़कियों को इस बात का अहसास था और इसी वजह से उन्होंने कुक को ‘थैंक यू’ कहने का एक बेहद खास और भावुक तरीका ढूंढ निकाला।

PG की कुक आंटी का लड़कियों ने मनाया बर्थ-डे

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुक बिना किसी तैयारी के, रोज़ की तरह मैक्सी पहने कमरे में आती हैं। उन्हें लगता है कि किसी और का जन्मदिन मनाया जा रहा है, इसलिए वह ताली भी बजाने लगती हैं। लेकिन तभी उन्हें एहसास होता है कि यह पूरी पार्टी तो उन्हीं के लिए है।

अचानक सामने केक, सजावट और सभी लड़कियों की मुस्कान देखकर वह हैरान रह जाती हैं। कुक के चेहरे पर खुशी और भावुकता साफ झलकती है। वीडियो में उनका यह सरप्राइज रिएक्शन लोगों को छू रहा है।

ये खबर भी पढ़ें : मनाली की बर्फीली सड़क पर देसी ऑटो का जलवा, जहां 4×4 रेंग रही थीं वहां 3 पहियों ने दिखाया दम

लोगों ने की लड़कियों की जमकर तारीफ

इस वीडियो को प्रियखी कोनवार ने शेयर किया है। उन्होंने कैप्शन में बताया कि कुक को अपना जन्मदिन खुद भी ठीक से नहीं पता था, इसलिए तारीख मायने नहीं रखती थी। मकसद सिर्फ उन्हें खुश करना था, इसीलिए किसी भी दिन उनका ‘जन्मदिन’ मना लिया गया। प्रियखी लिखती हैं कि कुक की एक स्माइल देखकर सारी मेहनत सफल हो गई।

वीडियो वायरल होने के बाद लोग कमेंट सेक्शन में लड़कियों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “तुम सब क्वीन हो।” वहीं कई लोग इन्हें दुआएं और आशीर्वाद देते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो याद दिलाता है कि मां जैसा प्यार खून से नहीं, बल्कि भावना से मिलता है और कभी-कभी एक प्लेट खाना भी किसी का दिन बना सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com