

Flooded Road Video : मानसून के दौरान देश के कई हिस्सों में जलभराव की तस्वीरें सामने आती रहती हैं। आमतौर पर ऐसी स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। वीडियो में एक इलाके की सड़क बारिश के बाद पूरी तरह पानी से भरी हुई दिखाई देती है।
जहां लोग जलभराव से बचने की कोशिश करते हैं, वहीं यहां मौजूद कुछ लोगों ने उसी सड़क को मनोरंजन की जगह बना दिया। वे पानी में उतरकर ऐसे मस्ती करते नजर आए जैसे किसी स्विमिंग पूल या वॉटर पार्क में घूमने आए हों। यही अनोखा दृश्य अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो को एक्स पर @byomkesbakshy नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, "भारत नए लोगों के लिए आसान जगह नहीं है। बारिश के बाद सड़कें पानी से भर गईं और लोग इसे वॉटर पार्क की तरह ले रहे हैं।"
वीडियो में कई लोग पानी में उछलते-कूदते और हंसी-मजाक करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि यह वीडियो किस शहर या राज्य का है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इसके बावजूद यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर की जा रही है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं।
वीडियो पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी दिलचस्प हैं। कुछ लोगों ने इसे मुश्किल हालात में भी खुश रहने का तरीका बताया, तो कई यूजर्स ने इसे गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार कहा। एक यूजर ने लिखा, "आपदा को अवसर में बदल दिया।" दूसरे ने टिप्पणी की, "आपदा में भी मौज-मस्ती जारी है।"
वहीं एक अन्य यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, "नाले का शुद्ध पानी भी इसमें मिला होगा।" कुछ लोगों ने साफ-सफाई और स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और कहा कि गंदे पानी में उतरना बीमारियों को न्योता देना हो सकता है। कुल मिलाकर यह वीडियो लोगों का ध्यान खींचने में सफल रहा है और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।