वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Indian Matchmaking Reality : शादी के रिश्तों में अक्सर जाति, लुक और सैलरी जैसे मुद्दे सबसे अहम माने जाते हैं। कई बार यही चीजें तय करती हैं कि रिश्ता आगे बढ़ेगा या नहीं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही मामला वायरल हो रहा है, जिसमें एक मैचमेकर ने अपनी क्लाइंट की अवास्तविक मांगों का खुलासा किया। इस वीडियो को मैचमेकिंग सर्विस “द डेटिंग क्रू” की फाउंडर ओन्द्रिला कपूर ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है।
वीडियो में ओन्द्रिला कपूर ने बताया कि उनकी एक 28 साल की क्लाइंट की सालाना सैलरी करीब 11 लाख रुपये है, लेकिन वह अपने लिए ऐसा दूल्हा चाहती थी जिसकी कमाई कम से कम 1 करोड़ रुपये सालाना हो।
मैचमेकिंग सर्विस ने शुरुआत में उसे 25 से 50 लाख रुपये सालाना कमाने वाले कई अच्छे प्रोफाइल दिखाए, लेकिन लड़की और उसकी मां ने सभी को किसी न किसी वजह से रिजेक्ट कर दिया। इसके बाद उनसे कहा गया कि वे अपनी पसंद के प्रोफाइल खुद चुनें। जब उन्होंने ऐसा किया तो जिन लड़कों की सैलरी 1 करोड़ रुपये से ज्यादा थी, उन सभी ने लड़की को ही रिजेक्ट कर दिया।
ये खबर भी पढ़ें : जिम में साधु बाबा ने उठाया भारी वजन, पहले उड़ाया मजाक फिर देखकर रह गए सब हैरान
मैचमेकर ओन्द्रिला कपूर ने वीडियो में कहा कि इतना कमाने वाले लोग भी समझदार होते हैं और वे अवास्तविक उम्मीदों को पहचान लेते हैं। उनका कहना था कि कई लोग रिश्ता तय करते समय अपनी उम्मीदों को तो देखते हैं, लेकिन खुद को उसी कसौटी पर नहीं परखते।
इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स ने ऐसी मांग को “रिवर्स दहेज” तक कह दिया, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि हर व्यक्ति को अपनी पसंद रखने का अधिकार है। हालांकि लगातार रिजेक्शन के बाद मैचमेकिंग सर्विस ने उस क्लाइंट को अपनी सर्विस से बैन कर दिया।