

Bull Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान होने के साथ-साथ अपनी हंसी भी नहीं रोक पा रहे हैं। वीडियो में एक शख्स सड़क के बीचों-बीच गहरी नींद में सोता दिखाई देता है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि उसने अपना सिर एक बैठे हुए सांड की गोद पर रखा हुआ है।
हैरानी की बात यह भी है कि सांड बिना किसी प्रतिक्रिया के बिल्कुल शांत बैठा रहता है। आसपास से वाहन और लोग लगातार गुजरते रहते हैं, लेकिन न तो सांड अपनी जगह से उठता है और न ही वह शख्स नींद से जागता है। दोनों का यह बेफिक्र अंदाज लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @TARUNspeakss नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। पोस्ट के कमेंट्स के मुताबिक, यह वीडियो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की जगह और समय की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
इसके बावजूद यह वीडियो वायरल हो रही है और लोग इसे भारत की अनोखी तस्वीर बताते हुए शेयर कर रहे हैं। कई यूजर्स ने इस पर मीम्स भी बनाए हैं और वीडियो को मजेदार कैप्शन के साथ आगे साझा कर रहे हैं।
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने जमकर प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, "लगता है दोनों ट्रेडर हैं, इसलिए सड़क पर आ गए।" दूसरे ने लिखा, "दोनों सड़क के बीचों-बीच बस चिल कर रहे हैं।" एक अन्य यूजर ने कहा, "लगता है दोनों रात 2 बजे तक पार्टी करके आए हैं।"
वहीं किसी ने लिखा, "अगर गाय मां है तो सांड बाप हुआ, यह तो अपने बाप की गोद में सो रहा है।" कुछ लोगों ने इसे मोह-माया से दूर रहने का उदाहरण बताया, जबकि कई यूजर्स ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। वीडियो लगातार वायरल हो रहा है और लोगों का भरपूर मनोरंजन कर रहा है।