लखनऊ में घुसा तेंदुआ, तो अखिलेश ने योगी पर बोल दिया हमला, फिर सामने आई हैरान करने वाली असलियत

Lucknow News: लखनऊ के कैंट और आशियाना इलाके में तेंदुआ दिखने की खबर से हड़कंप मच गया है। जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। इसे लेकर अखिलेश यादव ने सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला है।
lucknow-leopard-attack-akhilesh-yadav-slams-yogi-truth-revealed
अखिलेश यादव (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में तेंदुआ दिखाई दिया। राजधानी में तेंदुआ होने की यह खबर सामने आते ही लोगों में दहशत फैल गई। तेंदुए की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वहीं, दूसरी तरफ इसी बहाने अखिलेश यादव ने सूबे की योगी सरकार पर हमला बोल दिया है।

दरअसल, लखनऊ के कैंट और आशियाना इलाके में तेंदुआ दिखने की खबर से हड़कंप मच गया है। इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस मामले पर पोस्ट किया है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, "अब तो ये राजधानी तक पहुंच गया है...क्या सरकार को पता है?"

तेंदुए की ख़बर ने मचाया हड़कंप

यह घटना बुधवार देर रात की है जब एक व्यक्ति ने पायनियर स्कूल के पास तेंदुए की तस्वीर खींची। गोसाईगंज इलाके में भी तेंदुए के देखे जाने के दावे किए गए। यह खबर तेज़ी से फैली और कई लोगों ने सोशल मीडिया पर तेंदुए के वीडियो और तस्वीरें शेयर कीं। इसके बाद, वन विभाग और पुलिस ने एहतियात बरतते हुए रात में इलाके में गश्त की और लोगों को घर के अंदर रहने की चेतावनी देते हुए माइक्रोफोन से घोषणाएं कीं।

वायरल फोटो पर क्या बोली पुलिस?

वन विभाग ने देर रात तक इलाके में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तेंदुए के पैरों के निशान नहीं मिले। डीएफओ सीतांशु पांडे ने बताया कि अभी तक तेंदुए की मौजूदगी के कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं। सीसीटीवी कैमरों में भी तेंदुआ कैद नहीं हुआ है। इस बीच, आशियाना के प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह ने वायरल तस्वीर को संदिग्ध बताया और आशंका जताई कि यह एआई से जनरेटेड तस्वीर हो सकती है।

वन क्षेत्राधिकारी ने बताई असलियत

फिलहाल, तेंदुए की अफवाह ने लोगों को इतना डरा दिया है कि शाम की आरती और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है। गोसाईगंज के वसरहिया गांव में भी भय का माहौल देखा गया, जहां ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, वन क्षेत्राधिकारी योगेश मिश्रा को शक है कि यह तेंदुआ नहीं, बल्कि मछली पकड़ने वाली बिल्ली है। पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com