

Rapido Driver Complaint : दिल्ली-एनसीआर में ऑनलाइन राइड बुकिंग सेवाएं लोगों के सफर को आसान बना रही हैं, लेकिन कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं जो सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा देते हैं। ग्रेटर नोएडा की एक युवती ने सोशल मीडिया पर अपना डरावना अनुभव साझा किया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
युवती शैव्या वशिष्ठ ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने रात करीब 11 बजे दिल्ली से ग्रेटर नोएडा जाने के लिए Rapido राइड बुक की थी। उन्हें लगा था कि यह एक सामान्य सफर होगा, लेकिन बाद में यह अनुभव उनके लिए बेहद तनावपूर्ण साबित हुआ।
युवती के अनुसार, सफर के दौरान ड्राइवर अजीब हरकतें कर रहा था और तेज आवाज में इमरान हाशमी के गाने चला रहा था, जिससे वह असहज महसूस कर रही थीं। रात करीब 12 बजे राइड खत्म होने के बाद ड्राइवर ने उन्हें फोन करना शुरू कर दिया।
युवती ने नंबर ब्लॉक कर दिया, लेकिन इसके बाद अलग-अलग नंबरों से कॉल आने लगीं। उन्होंने बताया कि ऑफिस में रहते समय उन्हें वीडियो कॉल आई, जिसे गलती से उठा लिया। कॉल पर वही ड्राइवर था, जो बाथरूम से आपत्तिजनक हरकत करता दिखाई दिया। युवती ने इस घटना को बेहद ट्रॉमेटिक बताया और कहा कि वह इस अनुभव को भूल नहीं पा रहीं।
ये खबर भी पढ़ें : लंदन की सड़कों पर साड़ी पहनकर आम बेचती दिखी भारतीय महिला, वीडियो वायरल
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। कई यूजर्स ने कहा कि राइडिंग प्लेटफॉर्म्स को ड्राइवर वेरिफिकेशन और यात्रियों की प्राइवेसी पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
कुछ लोगों ने रात में अकेले सफर करने वाली महिलाओं के लिए मजबूत सुरक्षा फीचर्स की मांग भी की। बाद में युवती ने बताया कि Rapido ने आरोपी ड्राइवर की आईडी सस्पेंड करने की जानकारी दी है। हालांकि उन्होंने इस कार्रवाई पर पूरी तरह भरोसा न होने की बात भी कही। यह मामला अब ऑनलाइन ट्रैवल सुरक्षा पर नई बहस छेड़ रहा है।