हांगकांग में लगी भीषण आग का VIDEO वायरल, 30 सालों की सबसे बड़ी दुर्घटना

Hong Kong Fire हांगकांग के ताइ पो जिले के हाई-राइज टावर ब्लॉक्स में लगी भीषण आग में कम से कम 55 लोगों की मौत और 259 से अधिक लोग लापता हैं। लेवल-5 की इस आग ने पूरे शहर को दहला दिया है।
A massive blaze in a Hong Kong high-rise complex killed 44 people and left over 270 others missing.
हांगकांग में लगी भीषण आग की तस्वीर (सोर्स - इंटरनेट)
Published on
Updated on

Hong Kong Fire Viral Video : हांगकांग में बुधवार को एक बड़े आवासीय परिसर में भीषण आग लग गई। ‘वांग फुक कोर्ट’ नाम के इस हाई-राइज टावर ब्लॉक में अचानक आग लगने से कुछ ही मिनटों में कई बिल्डिंग्स इसकी चपेट में आ गईं।

इस हादसे में अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 259 से ज़्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय समयानुसार आग दोपहर 2:51 बजे लगी और देर रात तक धधकती रही। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल

आग इतनी भयावह थी कि कई लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए और बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था। एक महिला, जो घटना स्थल से महज 10 मिनट की दूरी पर रहती हैं, उसने सोशल मीडिया पर लिखा कि आग कई घंटों बाद भी बुझाई नहीं जा सकी।

घटना के दौरान चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल था। महिला ने बताया कि कई घायल लोग बुजुर्ग हैं और दर्जनों परिवार अपने गुमशुदा रिश्तेदारों की तलाश में भटक रहे हैं।

अब तक की सबसे गंभीर दुर्घटना

इस दुर्घटना को पिछले 30 सालों की सबसे गंभीर आग बताया जा रहा है और इसे हांगकांग फायर विभाग ने “लेवल 5”, यानी सबसे ऊंचे खतरे की श्रेणी में रखा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिल्डिंग पर लगे बांस के स्कैफोल्डिंग, जो नवीनीकरण कार्य के लिए लगाया गया था, उसने आग को और भड़काया। लगातार उड़ती चिंगारियों और तेज हवाओं ने आग को कई ब्लॉक्स में फैला दिया।

पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

हांगकांग पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उन पर "लापरवाही से हुई हत्या" और "मर्डर" का आरोप लगाया गया है। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, इस आग को काबू में करने के लिए 800 से ज्यादा फायरफाइटर्स लगातार पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करते रहे।

‘वांग फुक कोर्ट’ एक विशाल आवासीय कॉम्प्लेक्स है, जिसमें आठ इमारतें शामिल हैं। यहां लगभग 4,800 लोग रहते हैं, और हादसे के बाद सैकड़ों परिवारों को अपने घर खाली करने पड़े हैं। कई निवासी फिलहाल अस्थायी शेल्टर में रह रहे हैं और राहत दल उनकी मदद में जुटा है।

इस हादसे के कारण 28–29 नवंबर को हांगकांग के काई ताक स्टेडियम में होने वाले MAMA Awards इवेंट के स्थगित होने की भी संभावना जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस समय पूरा शहर गहरी सदमे और शोक की स्थिति में है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com