गुरुग्राम की सड़कों पर दौड़ा AC ऑटो, वीडियो देख लोग बोले- ये तो तीन पहियों वाली कार है
Gurugram AC Auto : गुरुग्राम में एसी से लैस ऑटो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों को यह नया प्रयोग काफी पसंद आ रहा है और कई यूजर्स इसे तीन पहियों वाली कार तक बता रहे हैं।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
AC Auto Viral Video : गुरुग्राम को अक्सर आधुनिक सुविधाओं और तेजी से बदलते शहरी ढांचे के लिए जाना जाता है। अब शहर का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें एक एसी ऑटो रिक्शा लोगों का ध्यान खींच रहा है।
वायरल वीडियो में नीले रंग का एक ऑटो दिखाई देता है, जिसे पूरी तरह से कवर किया गया है और उसमें एयर कंडीशनर भी लगाया गया है। इस अनोखे ऑटो को देखकर लोग हैरान हैं और सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है। वीडियो शेयर करने वाली यूजर ने कैप्शन में पूछा कि आखिर ऑटो में यह अपग्रेड कब हो गया।
गुरुग्राम की सड़की पर दौड़ा AC ऑटो
वीडियो में दिखाई दे रहा ऑटो आम ऑटो रिक्शा से काफी अलग नजर आता है। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए बंद केबिन और एसी की व्यवस्था की गई है। वीडियो पर लिखा गया है कि गुरुग्राम एक अलग ही दुनिया में रह रहा है। बढ़ती गर्मी और आरामदायक सफर की जरूरत को देखते हुए लोग इस एसी ऑटो को एक बेहतर विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
खासतौर पर वे लोग, जो कार या कैब का खर्च नहीं उठा सकते लेकिन ऑटो से यात्रा करते हैं, उनके लिए यह सुविधा आकर्षक मानी जा रही है। हालांकि एसी ऑटो का किराया सामान्य ऑटो की तुलना में अधिक हो सकता है।
ये खबर भी पढ़ें : दोपहर में हो गई रात…हॉलीवुड मूवी की तरह धूल के बवंडर से घिरा शहर, राजस्थान से आया डराने वाला VIDEO
लोगों ने इसे क्यूट और इनोवेटिव बताया
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दी हैं। एक यूजर ने लिखा कि यह तो तीन पहियों वाली कार जैसी लग रही है। वहीं दूसरे यूजर ने “वेलकम टू गुरुग्राम” लिखकर शहर की आधुनिक सोच की तारीफ की।
कुछ लोगों ने इसे क्यूट और इनोवेटिव बताया, जबकि कई यूजर्स का कहना है कि ऐसे ऑटो भविष्य में शहरी परिवहन का हिस्सा बन सकते हैं। फिलहाल यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
