ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में रहस्यमयी आग, फ्लैट के बाहर जले जूते और साइकिल; वीडियो वायरल
Greater Noida Fire Incident : ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में एक हफ्ते के भीतर चार फ्लैट के बाहर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। जूते, साइकिल और दीवारें जलने से निवासी दहशत में हैं।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Society Mystery Fire : ग्रेटर नोएडा की एक रिहायशी सोसाइटी में पिछले एक हफ्ते से रहस्यमयी तरीके से आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। हैरानी की बात यह है कि आग फ्लैट के अंदर नहीं, बल्कि बाहर रखे सामान में लग रही है।
अब तक चार अलग-अलग अपार्टमेंट के बाहर जूते, बच्चों की साइकिल और दीवार के पास रखा सामान जल चुका है। कुछ जगहों पर वॉल पेपर और दीवारों पर भी आग के निशान देखे गए हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से सोसाइटी के लोग डर और चिंता में हैं।
फ्लैट के बाहर अचानक लगी आग
शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य घटना समझकर नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन जब एक के बाद एक चार जगह आग लगी, तो मामला गंभीर हो गया। खास बात यह है कि आग अलग-अलग टावरों में लगी है और अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किसने और क्यों लगाई।
कुछ लोग इसे शरारत मान रहे हैं, तो कुछ इसे किसी साजिश या अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये खबर भी पढ़ें : TTE पर रिश्वत लेकर टिकट न देने का आरोप, वायरल वीडियो ने खड़े किए सवाल
प्रशासन से जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस शुरू हो गई है। कई यूजर्स का कहना है कि फ्लैट के बाहर सामान रखने से ऐसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। वहीं कुछ लोगों ने इसे आपसी दुश्मनी या जलन का नतीजा बताया है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि आग लगने की स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएं, लिफ्ट का इस्तेमाल न करें और जरूरत पड़े तो मुंह पर गीला कपड़ा रखकर बाहर निकलें। फिलहाल सोसाइटी के निवासी प्रशासन से जांच और सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
