Google में नौकरी मिलते ही मां की आंखों में आए आंसू, बेटे के लिए माता-पिता का रिएक्शन हुआ वायरल

Google Job Viral Video : गुरुग्राम के एक प्रोडक्ट मैनेजर ने अपने माता-पिता को Google में नौकरी मिलने की खबर दी। बेटे की सफलता पर मां-पिता का भावुक रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
A young man's parents gave an emotional reaction after learning he had landed a job at Google.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Google Placement Parents Reaction : नौकरी मिलना किसी भी व्यक्ति के जीवन का एक बड़ा और खास पल होता है, लेकिन जब वह नौकरी दुनिया की बड़ी कंपनियों में से किसी एक में मिले तो खुशी और भी बढ़ जाती है। ऐसे ही एक भावुक पल का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गुरुग्राम में रहने वाले प्रोडक्ट मैनेजर हरनाव सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने माता-पिता को बताया कि उन्हें नई नौकरी का ऑफर मिला है।

वीडियो की शुरुआत में हरनाव अपने माता-पिता से बात करते नजर आते हैं। जैसे ही उन्होंने नौकरी मिलने की बात बताई, उनके पिता ने तुरंत उन्हें "मुबारक" कहकर बधाई दी, जबकि मां खुशी से बेटे को गले लगाती नजर आईं।

गूगल में लगी नौकरी तो मां बाप हुए भावुक

वीडियो में इसके बाद हरनाव अपने माता-पिता से कंपनी का नाम बताने को कहते हैं। उनकी मां बिना ज्यादा सोचे तुरंत "गूगल?" कहती हैं। जब हरनाव उनकी बात की पुष्टि करते हैं तो मां पहले कुछ पल के लिए हैरान रह जाती हैं और फिर भावुक होकर बेटे को गले लगा लेती हैं। वहीं पिता भी अपनी खुशी को अलग अंदाज में जाहिर करते हुए बेटे को प्यार से थपथपाते नजर आते हैं।

इस दौरान मां की आंखों में आंसू आ जाते हैं और वह कहती हैं कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि उनका बेटा ऐसी ही नौकरी पाएगा, जो उसकी पसंद की और अच्छी होगी। हरनाव ने वीडियो के कैप्शन में लिखा कि उनके माता-पिता की प्रतिक्रिया उनकी उपलब्धि से भी ज्यादा खास थी।

वीडियो ने जीता लोगों का दिल

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और हजारों यूजर्स ने इस पर भावुक प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने कहा कि हर छात्र अपने माता-पिता के चेहरे पर ऐसी खुशी देखने का सपना देखता है।

एक यूजर ने लिखा कि पिता की खुशी जताने का तरीका अलग होता है, जबकि दूसरे ने कहा कि मां का गले लगाना वीडियो का सबसे प्यारा पल था। वहीं कई लोगों ने अपनी खुद की नौकरी मिलने की यादें भी इस वायरल वीडियो के जरिए साझा कीं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com