वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Foreign Traveller Dance : मुंबई की लोकल ट्रेनें रोजाना लाखों लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा हैं। यहां अक्सर भीड़, जल्दबाजी और काम पर पहुंचने की चिंता देखने को मिलती है। लेकिन हाल ही में एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने इस रोजमर्रा के सफर को खुशी और मस्ती से भर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक विदेशी यात्री मुंबई लोकल ट्रेन के डिब्बे में डांस करते हुए नजर आता है और आसपास बैठे यात्रियों को भी अपने साथ शामिल होने के लिए कहता है। कुछ ही पलों में ट्रेन का माहौल पूरी तरह बदल जाता है और यात्रियों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई देने लगती है।
वीडियो में दिखाई देने वाले विदेशी युवक का नाम एड (Ed) बताया जा रहा है। वह फिलहाल भारत में रह रहा है और सोशल मीडिया पर अपने मजेदार वीडियो के लिए जाना जाता है। लोग उसे ऑनलाइन “Can you teach me your favourite dance move guy” के नाम से भी पहचानते हैं।
इस वीडियो में एड मुंबई लोकल ट्रेन के भीड़भाड़ वाले डिब्बे में खड़े होते हैं और अपने हाथ में एक छोटा ब्लूटूथ स्पीकर पकड़ते हैं। जैसे ही स्पीकर से फिल्मी गाना ‘साड़ी गली’ बजना शुरू होता है, वह डांस करना शुरू कर देते हैं। शुरुआत में ट्रेन में बैठे यात्री थोड़ा हैरान होकर उन्हें देखते हैं और समझ नहीं पाते कि क्या हो रहा है।
ये खबर भी पढ़ें : एयरपोर्ट पर इंडिगो क्रू ने नन्हे बच्चे पर लुटाया प्यार, प्यारा वीडियो हुआ वायरल
हालांकि कुछ ही देर में माहौल बदल जाता है। एड मुस्कुराते हुए यात्रियों को इशारा करते हैं और उन्हें भी अपने डांस स्टेप्स दिखाने के लिए कहते हैं। इसके बाद कुछ यात्री खड़े होकर उनके साथ डांस करने लगते हैं, जबकि बाकी लोग सीट पर बैठकर ताली बजाते और हंसते हुए इस पल का आनंद लेते हैं।
वायरल वीडियो में कई लोग अलग-अलग अंदाज में डांस करते नजर आते हैं, जिससे ट्रेन का डिब्बा कुछ समय के लिए एक छोटे से डांस फ्लोर में बदल जाता है। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को काफी पसंद किया जा रहा है और कई यूजर्स ने लिखा कि यह पल मुंबई के लोगों की खुशमिजाजी और खुले दिल को दिखाता है।