दिल्ली से जयपुर की स्लीपर बस में सफर कर विदेशी टूरिस्ट हुआ हैरान, बोला- भारत की बसें यूरोप को भी पीछे छोड़ा
Foreign Tourist Viral Video : भारत घूम रहे एक विदेशी ट्रैवल ब्लॉगर ने दिल्ली से जयपुर तक की स्लीपर बस यात्रा का अनुभव साझा किया है। साफ-सफाई, आरामदायक सीटें, मुफ्त भोजन और कम किराए से प्रभावित हुआ।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
India Sleeper Bus : भारत की यात्रा पर आने वाले विदेशी पर्यटक अक्सर यहां की संस्कृति, खानपान और मेहमाननवाजी की तारीफ करते नजर आते हैं। अब एक विदेशी ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर ने भारत की स्लीपर बस सेवा की जमकर सराहना की है। दिल्ली से जयपुर तक की बस यात्रा के बाद उन्होंने इसे अपनी अब तक की सबसे बेहतरीन यात्रा में से एक बताया।
उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने साफ-सफाई, आरामदायक सुविधाओं, स्वादिष्ट भोजन और बेहद कम किराए की खुलकर तारीफ की है। इंस्टाग्राम पर @jack_ofalljourneys नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो में जैक हीटन ने कहा कि भारत में तीन महीने से ज्यादा समय बिताने के दौरान उन्होंने कई तरह के परिवहन का इस्तेमाल किया, लेकिन यह अनुभव सबसे अलग रहा।
विदेशी टूरिस्ट भारत में स्लीपर बस की सेवा देख हुआ हैरान
वीडियो में जैक पहली बार किसी भारतीय प्राइवेट स्लीपर बस में चढ़ते नजर आते हैं। बस के अंदर की साफ-सफाई और आधुनिक डिजाइन देखकर वह हैरान रह जाते हैं। उन्होंने कहा, “मैं सचमुच दंग रह गया। भारत की स्लीपर बसें यूरोप को शर्मिंदा कर देती हैं।”
उन्होंने बताया कि सीट पर बैठने के कुछ ही देर बाद उन्हें भोजन परोसा गया, जिसमें करी, दाल, सब्जी, चावल, चपाती और मिठाई के रूप में गुलाब जामुन भी शामिल था। उन्होंने खाने की गुणवत्ता की तारीफ करते हुए कहा कि इसका स्वाद कई रेस्टोरेंट से भी बेहतर था।
इसके अलावा उन्होंने बस के विशाल लेगरूम, आरामदायक स्लीपर केबिन और साफ-सुथरे वॉशरूम को भी दिखाया। करीब सात घंटे की यात्रा पूरी करने के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें बस से सफर करना पसंद नहीं है, लेकिन यह यात्रा उम्मीद से कहीं ज्यादा आरामदायक रही और बेहद कम किराए में इतनी सुविधाएं मिलना किसी सुखद आश्चर्य से कम नहीं था।
ये खबर भी पढ़ें : भारतीय परिवार में शादी के बाद इटैलियन महिला को लगे 3 बड़े कल्चर शॉक, बोली- यहां कोई मेहमान भूखा नहीं जाता
टूरिस्ट बोला- भारत की बसों ने यूरोप को पीछे छोड़ा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भी दिलचस्प प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा कि इतनी कम कीमत में इतनी शानदार सुविधा मिलना वाकई काबिल-ए-तारीफ है। दूसरे ने कहा कि सात घंटे का आरामदायक सफर इतने कम किराए में मिलना शानदार अनुभव है।
वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि उन्हें मोशन सिकनेस की समस्या है, फिर भी भारत की स्लीपर बसों में सफर करना काफी आरामदायक लगता है। कई भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने भी खुशी जताई कि विदेशी पर्यटक भारत के उन सकारात्मक पहलुओं को दुनिया के सामने ला रहे हैं, जिन पर अक्सर कम चर्चा होती है।
लोगों ने जैक के संतुलित और ईमानदार अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी बातें भारत की परिवहन सेवाओं की अच्छी तस्वीर दुनिया तक पहुंचाती हैं।
