

Dharmendra Pradhan Resignation Memes: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला तेज हो गया है। X, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर हजारों यूजर्स इस फैसले पर अपनी-अपनी राय साझा कर रहे हैं। कोई इसे छात्रों के लंबे आंदोलन का नतीजा बता रहा है तो कई लोग इसे शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में पहला कदम मान रहे हैं।
उधर, पिछले 34 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं ने मंत्री के इस्तीफे के बाद जश्न मनाया। प्रदर्शन स्थल से जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इस्तीफे की घोषणा के बाद CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए। लोकतंत्र में डरना नहीं, अपनी आवाज उठानी चाहिए।" उन्होंने कहा कि युवाओं का शांतिपूर्ण संघर्ष व्यर्थ नहीं गया और जो लोग कहते थे कि इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते, उन्हें अब जवाब मिल गया है।
कॉकरोच जनता पार्टी कथित NEET पेपर लीक मामले को लेकर पिछले 34 दिनों से जंतर-मंतर पर धरना दे रही थी। संगठन लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा था। इस्तीफे के बाद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और खुशी जाहिर की। इस दौरान के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद X पर #DharmendraPradhan और #NEET ट्रेंड करने लगे। कई यूजर्स ने इसे छात्रों के आंदोलन की सफलता बताया, जबकि अन्य ने कहा कि अब केवल इस्तीफा नहीं, बल्कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और संरचनात्मक सुधार भी जरूरी हैं।
सोशल मीडिया पर इस्तीफे को लेकर मीम्स की भी बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने फिल्मों और वेब सीरीज के लोकप्रिय डायलॉग व टेम्पलेट का इस्तेमाल करते हुए अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं। खास तौर पर वेब सीरीज 'पंचायत' के एक चर्चित सीन पर आधारित मीम्स तेजी से वायरल हुए। वहीं, अभिजीत दीपके और CJP कार्यकर्ताओं के जश्न वाले वीडियो भी व्यापक रूप से शेयर किए जा रहे हैं।
हालांकि, सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने यह भी लिखा कि किसी एक इस्तीफे से ज्यादा महत्वपूर्ण परीक्षा प्रणाली में स्थायी सुधार, निष्पक्ष जांच और भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना होगा।