विदेशी कपल ने भारत से जुड़े नकारात्मक स्टिरियोटाइप्स तोड़े, ‘मिथ बनाम रियलिटी’ का वीडियो किया शेयर

Foreign Couple About India : दिल्ली से गोवा तक की यात्रा के बाद विदेशी कपल ने सोशल मीडिया पर भारत से जुड़े नकारात्मक स्टिरियोटाइप्स को चुनौती दी और अपना सकारात्मक अनुभव साझा किया।
A foreign couple challenged common stereotypes about India after sharing their positive travel experiences.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

India Travel Myths : भारत को लेकर विदेशों में कई तरह की धारणाएं बनी हुई हैं, लेकिन एक विदेशी कपल ने अपने अनुभव से इन मिथकों को चुनौती दी है। यास्मिन और टॉम नाम के इस कपल ने दिल्ली, उदयपुर, जयपुर, गोवा और औरंगाबाद सहित कई शहरों की यात्रा की।

उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘मिथ बनाम रियलिटी’ के जरिए बताया कि भारत वैसा नहीं है जैसा अक्सर ऑनलाइन दिखाया जाता है। उनके मुताबिक, देश तेजी से विकसित हो रहा है और नई दिल्ली जैसे इलाकों में साफ-सफाई और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर देखने को मिलता है।

विदेशी कपल ने बताई भारत की सच्चाई

महिला सुरक्षा को लेकर भी कपल ने अपनी बात रखी। उनका कहना है कि भारत थोड़ा ‘इंटेंस’ जरूर है, लेकिन यहां का अनुभव जीवन बदल देने वाला हो सकता है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर लोग दोस्ताना और मददगार हैं।

ट्रेन यात्रा को लेकर उन्होंने सलाह दी कि अगर उच्च श्रेणी का टिकट लिया जाए तो सफर आरामदायक और होटल जैसा अनुभव दे सकता है। वहीं, स्ट्रीट फूड के बारे में उनका मानना है कि यहां स्वादिष्ट और साफ-सुथरे विकल्प आसानी से मिल जाते हैं।

भारत की विविधता ही इसकी असली पहचान

कपल ने यह भी बताया कि भारत में केवल एक भाषा नहीं बोली जाती, बल्कि यहां 22 आधिकारिक भाषाएं और सैकड़ों बोलियां हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी भारतीय व्यंजन बहुत मसालेदार नहीं होते और पश्चिमी भोजन भी आसानी से उपलब्ध है।

शादी और समाज को लेकर उन्होंने माना कि अब लव मैरिज आम होती जा रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने कहा कि भारत परफेक्ट भले न हो, लेकिन भारत की विविधता और ‘ऑर्गेनाइज्ड कैओस’ ही इसकी असली खूबसूरती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com