

Airplane Food Fight Video : हवाई जहाज में सफर आमतौर पर आरामदायक और शांत अनुभव माना जाता है, लेकिन कई बार छोटे-छोटे विवाद भी बड़ा ड्रामा बन जाते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें फ्लाइट के अंदर वेज और नॉनवेज खाने को लेकर दो यात्रियों के बीच जोरदार बहस हो जाती है। इस घटना ने न सिर्फ फ्लाइट के माहौल को कुछ देर के लिए तनावपूर्ण बना दिया, बल्कि इंटरनेट पर भी नई बहस छेड़ दी है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक अपनी सीट पर बैठकर चिकन का खाना खा रहा होता है। तभी उसके पास वाली सीट पर बैठी एक लड़की इस बात पर आपत्ति जताने लगती है। लड़की खुद को पूरी तरह शाकाहारी बताती है और कहती है कि उसके सामने चिकन खाना उसे पसंद नहीं है।
उसका कहना है कि जानवरों को मारकर खाना गलत है और वह ऐसी चीजों को देख भी नहीं सकती। वहीं युवक इस बात से सहमत नहीं होता और कहता है कि उसने फ्लाइट में जो खाना ऑर्डर किया है, उसे खाने का उसे पूरा अधिकार है।
लोगों ने इसे व्यक्तिगत आजादी का मामला बताया
कुछ ही देर में दोनों के बीच बहस तेज हो जाती है और फ्लाइट का माहौल गर्म हो जाता है। आसपास बैठे यात्री और फ्लाइट स्टाफ भी बीच-बचाव करने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। वायरल वीडियो देख किसी को यह खाने की व्यक्तिगत आजादी का मामला लगता है तो कुछ लोग इसे दूसरों की भावनाओं का सम्मान करने से जोड़कर देख रहे हैं।
वीडियो सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जा चुका है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं। कई यूजर्स ने इस पर मजेदार और अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं, जिससे यह क्लिप इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई है।