

Environmental Awareness : उत्तराखंड के खूबसूरत पहाड़ी क्षेत्र कसार देवी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है। वायरल वीडियो में इंग्लैंड से आए एक विदेशी पर्यटक को जंगलों और मंदिर परिसर के आसपास फैला प्लास्टिक कचरा उठाते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह पर्यटक मार्क नाम का व्यक्ति है, जो अल्मोड़ा जिले के कसार देवी क्षेत्र में घूमने आया था।
वीडियो में वह हाथ में बैग लेकर जंगल की पगडंडियों और मंदिर के आसपास बिखरे प्लास्टिक और अन्य कचरे को इकट्ठा करता नजर आता है। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर इस इलाके में उसका यह प्रयास लोगों को पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दे रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मार्क पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में आते रहे हैं और सफाई को उन्होंने अपनी व्यक्तिगत आदत बना लिया है। बताया जाता है कि वह रोजाना करीब दो से तीन घंटे तक आसपास के जंगलों, रास्तों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई में लगाते हैं। उनका मानना है कि प्रकृति का आनंद लेने के साथ-साथ उसकी देखभाल करना भी हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
यही वजह है कि वह बिना किसी प्रचार या दिखावे के नियमित रूप से कचरा उठाने का काम करते हैं। उनके इस व्यवहार ने स्थानीय निवासियों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स को भी प्रभावित किया है। कई लोगों ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा का यह जज्बा उन लोगों के लिए सीख है, जो घूमने तो आते हैं लेकिन अपने पीछे कचरा छोड़ जाते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने भी मार्क की सराहना की है। अल्मोड़ा के जिलाधिकारी Anshul Singh ने उनके प्रयास को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि प्रशासन उनके कार्य की सराहना करता है और हर संभव सहयोग देने को तैयार है।
उन्होंने यह भी कहा कि मार्क को "चेंज एजेंट" के रूप में आगे बढ़ाने की योजना है, ताकि वे छात्रों और युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक कर सकें। सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी तारीफ करते हुए कह रहे हैं कि पर्यटकों को सिर्फ प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ही नहीं लेना चाहिए, बल्कि उसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।