

UP Police Announcement : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है। वीडियो में एक पुलिस वाहन सड़क पर घूमता दिखाई देता है और लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को पेट्रोल और डीजल खरीदने को लेकर निर्देश देता सुनाई देता है।
वीडियो में घोषणा की जा रही है कि किसी भी व्यक्ति को 5 लीटर से ज्यादा पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा। साथ ही ईंधन खरीदते समय पहचान पत्र दिखाने की बात भी कही जा रही है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले का है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसकी वजह और प्रशासन के इस कदम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
वीडियो में पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जरूरत से ज्यादा ईंधन जमा न करने की अपील करती नजर आती है। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में कई इलाकों में पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई थी। कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा जरूरत से अधिक पेट्रोल और डीजल खरीदकर स्टॉक करने की शिकायतें भी सामने आई थीं।
प्रशासन को आशंका थी कि ऐसी स्थिति से कृत्रिम कमी और अव्यवस्था पैदा हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने ईंधन वितरण व्यवस्था की समीक्षा की और सभी उपभोक्ताओं तक पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल पहुंचाने के लिए कुछ अस्थायी कदम उठाए।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “अगर प्रशासन को ऐसा कदम उठाना पड़ रहा है तो मामला गंभीर जरूर होगा।” दूसरे ने कहा, “अफवाहों की वजह से लोग जरूरत से ज्यादा तेल जमा कर रहे हैं।”
वहीं कुछ लोगों ने हल्के-फुल्के अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि अब बाइक में पेट्रोल भरवाने से पहले आधार कार्ड भी साथ रखना पड़ेगा। कुछ यूजर्स ने प्रशासन के फैसले को व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी बताया, जबकि कुछ ने कहा कि इससे आम लोगों को असुविधा हो सकती है। फिलहाल सोशल मीडिय पर यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।