दुबई में टायर पंचर होने पर भारतीय महिला की मदद को रुकी पुलिस, बोली- ऐसी सुरक्षा कहीं और नहीं देखी
Dubai Viral Video : दुबई में ट्रैफिक के बीच कार का टायर पंचर होने पर एक भारतीय महिला ने वहां की पुलिस की मदद और पेशेवर रवैये की जमकर तारीफ की। अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Indian Woman in Dubai : दुबई में रहने वाली एक भारतीय महिला का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला ने बताया कि व्यस्त सड़क पर उनकी कार का टायर अचानक पंचर हो गया था। ट्रैफिक के बीच फंस जाने के बावजूद उन्हें किसी तरह की घबराहट नहीं हुई, क्योंकि कुछ ही मिनटों में मदद उनके पास पहुंच गई।
महिला ने कहा कि दुबई की पुलिस और रेस्क्यू टीम ने जिस तरह उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की, उसने उन्हें काफी प्रभावित किया। उनका कहना था कि इस अनुभव ने एक बार फिर यह महसूस कराया कि दुबई महिलाओं के लिए दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में से एक है। वीडियो को इंस्टाग्राम पर @khushidxbrealtor नाम के अकाउंट से शेयर किया गया, जिसे हजारों लोग देख चुके हैं।
भारतीय महिला ने बताया कितना सुरक्षित है दुबई
वीडियो में महिला ने बताया कि मैकेनिक नया टायर लेने गया था और उसके लौटने में कुछ समय लगने वाला था। इस दौरान पहले एक रेस्क्यू वाहन उनकी कार के आगे आकर खड़ा हो गया और कुछ ही देर बाद पुलिस की गाड़ी पीछे आकर रुक गई ताकि तेज रफ्तार ट्रैफिक से उनकी सुरक्षा बनी रहे।
कार में मौजूद दूसरी महिला ने बताया कि शुरुआत में पुलिस अधिकारी को देखकर वह थोड़ा घबरा गई थीं। लेकिन जब उन्होंने टायर पंचर होने की जानकारी दी तो अधिकारी ने शांतिपूर्वक पूछा कि मैकेनिक कितनी देर में आएगा। इतना ही नहीं, अधिकारी ने हिंदी में बातचीत करते हुए कहा कि वह मैकेनिक के आने तक वहीं खड़े रहेंगे ताकि दोनों महिलाएं सुरक्षित रहें। इस व्यवहार ने दोनों महिलाओं को हैरान कर दिया।
ये खबर भी पढ़ें : दिल्ली से जयपुर की स्लीपर बस में सफर कर विदेशी टूरिस्ट हुआ हैरान, बोला- भारत की बसें यूरोप को भी पीछे छोड़ा
वायरल वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान
वायरल वीडियो के आखिर में महिला ने कहा कि दुबई में मिलने वाली सुरक्षा और भरोसे की भावना ही इस शहर को खास बनाती है। उन्होंने कहा कि दुनिया में कहीं भी यात्रा कर लें, लेकिन यहां जैसा सुरक्षित माहौल कम ही देखने को मिलता है। सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को लेकर लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रियाएं दीं।
कई यूजर्स ने दुबई पुलिस की प्रोफेशनल कार्यशैली और विनम्र व्यवहार की सराहना की। एक यूजर ने लिखा कि दुबई पुलिस हमेशा लोगों की मदद के लिए तैयार रहती है। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि यही वजह है कि दुबई को दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में गिना जाता है।
