दीघा बीच पर मस्ती के बीच आई मौत जैसी लहर, ह्यूमन चेन बनाकर लोगों ने बचाई महिला की जान
Human Chain Rescue : पश्चिम बंगाल के दीघा बीच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। समुद्र की तेज लहरों में फंसी एक महिला को बचाने के लिए लोगों ने ह्यूमन चेन बनाई और सुरक्षित बाहर निकाला।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Digha Beach Viral Video : पश्चिम बंगाल का दीघा बीच एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह राजनीति नहीं बल्कि एक वायरल वीडियो है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में समुद्र किनारे मौज-मस्ती कर रहा एक परिवार अचानक तेज लहरों की चपेट में आ जाता है। कुछ ही सेकंड में हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि परिवार के लोगों को अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।
वीडियो में दिखाई देता है कि अधिकांश सदस्य किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंच जाते हैं, लेकिन एक महिला तेज लहरों के बीच फंस जाती है और उठ नहीं पाती। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत उसकी मदद के लिए आगे आते हैं।
तेज लहरों में फंसी महिला को लोगों ने बचाया
वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले महिला को हाथ पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश की जाती है, लेकिन समुद्र की तेज लहरें लगातार लोगों का संतुलन बिगाड़ देती हैं। इसके बाद मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए ह्यूमन चेन बनाई। सभी ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मजबूत श्रृंखला बनाई और धीरे-धीरे महिला तक पहुंचे।
आखिरकार सामूहिक प्रयास से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सोशल मीडिया पर लोग इस रेस्क्यू ऑपरेशन की जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे मुश्किल समय में एकजुटता की मिसाल बता रहे हैं।
ये खबर भी पढ़ें : केरल की चमचमाती सड़कें देख दंग रह गया युवक, बोला- यूपी-बिहार के स्टेट हाईवे भी ऐसे नहीं होते
सतर्कता और सुरक्षा निर्देशों का पालन करना जरूरी
वायरल वीडियो के साथ कुछ यूजर्स ने दावा किया कि महिला का वजन अधिक होने के कारण उसे उठने में दिक्कत हुई। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, कई सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला को ट्रोल भी किया, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने ऐसी टिप्पणियों का विरोध करते हुए कहा कि किसी की शारीरिक बनावट का मजाक उड़ाने के बजाय उसकी सुरक्षा और बचाव पर ध्यान देना चाहिए। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि समुद्र में तेज लहरों के दौरान सतर्क रहना और सुरक्षा निर्देशों का पालन करना कितना जरूरी है।
