दिल्ली में फंसी अमेरिकी महिला की भारतीय ने की मदद, विदेशी बोली- भारत जैसा अपनापन कहीं नहीं मिला

American woman in India : दिल्ली में अकेली फंस गई एक अमेरिकी महिला ने भारतीय की मदद का भावुक अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो वायरल होने के बाद लोग भारतीय मेहमाननवाजी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
An American woman stranded in Delhi praised the kindness of an Indian stranger, and her heartfelt story has gone viral on social media.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Indian kindness : भारत आने वाले विदेशी पर्यटक अक्सर यहां की संस्कृति, खानपान और लोगों के व्यवहार की तारीफ करते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक अमेरिकी महिला ने भारत में मिले एक अजनबी की मदद को अपनी जिंदगी का सबसे यादगार अनुभव बताया है।

महिला ने कहा कि जब वह दिल्ली में अकेली फंस गई थी और उसका फोन भी बंद हो गया था, तब एक भारतीय व्यक्ति ने बिना किसी स्वार्थ के उसकी मदद की। इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर sierraliliann नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे हजारों लोग देख चुके हैं और लोग इसे इंसानियत की मिसाल बता रहे हैं।

अमेरिकी महिला की भारतीय ने की मदद

वीडियो में महिला ने बताया कि उसने ऋषिकेश जाने के लिए स्लीपर बस बुक की थी, लेकिन बस रास्ते में दो बार खराब हो गई। इसके बाद उसे टैक्सी बुलानी पड़ी, लेकिन उसी दौरान उसके मोबाइल की बैटरी खत्म हो गई। वह सड़क किनारे परेशान बैठी थी, तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और अपने ऑफिस में बैठने का निमंत्रण दिया।

उसने महिला को चाय पिलाई, फोन चार्ज करने में मदद की और मोबाइल चालू होने के बाद टैक्सी चालक से बात कर सही जगह तक पहुंचने में भी सहयोग किया। इंतजार के दौरान उसने महिला को अपनी गायें दिखाईं, हनुमान मंदिर ले गया और अपनी पौधशाला भी दिखाई। विदा होने से पहले उसने घर की बनी छाछ भी भेंट की। महिला ने कहा कि इस अनुभव ने उसके दिल को छू लिया और उसे भारतीयों की उदारता पर गर्व महसूस हुआ।

महिला बोली- भारत जैसा अपनापन कहीं नहीं मिला

महिला ने वायरल वीडियो में कहा कि जब लोग उससे पूछते हैं कि क्या भारत आने में डर लगता है, तो उसे हंसी आती है, क्योंकि उसने अपने जीवन में सबसे ज्यादा प्यार और अपनापन भारत में महसूस किया है। उसने कहा कि भारतीय हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं और अजनबियों को भी परिवार जैसा सम्मान देते हैं।

वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी दिल खोलकर प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने लिखा कि यही भारत की असली पहचान है, जबकि कुछ विदेशी यूजर्स ने भी अपने भारत यात्रा के सकारात्मक अनुभव साझा किए। लोगों का कहना है कि ऐसे वीडियो दुनिया के सामने भारत की मेहमाननवाजी और इंसानियत की खूबसूरत तस्वीर पेश करते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com