ठाणे के क्लासरूम में ड्रग्स लेते छात्र का VIDEO वायरल, उपमुख्यमंत्री के जिले में ऐसी घटना देख भड़के लोग

Thane School Drugs Video: ठाणे में क्लासरूम के भीतर छात्र द्वारा कथित तौर पर ड्रग्स लेने का वीडियो वायरल हुआ है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गृह जनपद में हुई इस घटना से लोगों में भारी आक्रोश है।
thane classroom student drugs viral video police investigation
ड्रग्स सेवन करते हुए छात्र (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Thane Classroom Student Drugs Viral Video: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गृह जनपद और राज्य के प्रमुख शहरों में से एक, ठाणे से एक बेहद चौंकाने वाली और विचलित करने वाली घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्कूली छात्र को अपनी ही क्लासरूम के भीतर कथित तौर पर ड्रगस का सेवन करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो ने न केवल अभिभावकों की नींद उड़ा दी है, बल्कि राज्य की सुरक्षा और शिक्षण संस्थानों की शुचिता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या दिख रहा है वायरल वीडियो में?

इंटरनेट पर प्रसारित हो रहे इस वीडियो में स्कूल की यूनिफार्म पहने एक लड़का क्लासरूम के अंदर बैठा हुआ है। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह लड़का किसी अज्ञात नशीले पदार्थ का सेवन कर रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस कृत्य में वह अकेला नहीं है; उसके साथ दो अन्य छात्र भी मौजूद हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें से एक छात्र उसे नशीला पदार्थ सूंघने में मदद कर रहा है, जबकि दूसरा छात्र इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। यह दृश्य किसी भी सभ्य समाज को झकझोर देने के लिए काफी है कि कैसे शिक्षा के मंदिर में नशे का जहर अपनी जड़ें जमा रहा है।

शिंदे के जिले में ये सब क्या हो रहा है?

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। चूंकि ठाणे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गढ़ माना जाता है, इसलिए लोग सीधे तौर पर प्रशासन की चौकसी पर सवाल उठा रहे हैं। कई नेटीजेन्स ने कमेंट करते हुए लिखा, अगर उपमुख्यमंत्री के अपने जिले में स्कूलों का यह हाल है, तो बाकी राज्य का क्या होगा? लोग इस बात से भी नाराज हैं कि क्लासरूम जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर छात्र इस तरह की गतिविधियों में लिप्त हैं और स्कूल प्रबंधन को इसकी भनक तक नहीं लगी।

जी.वी.एम. कॉलेज का नाम आया सामने

प्रारंभिक सूचनाओं और कुछ दावों के अनुसार, यह वीडियो ठाणे जिले के वर्तक नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत लोकमान्य नगर में स्थित जी.वी.एम. कॉलेज परिसर का बताया जा रहा है, जहां 11वीं कक्षा के कुछ छात्र कथित तौर पर नशीले पदार्थों का सेवन करते कैमरे में कैद हुए हैं। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह वीडियो वास्तव में इसी संस्थान का है या कहीं और का।

thane classroom student drugs viral video police investigation
मुंबई लोकल में महिला को बेल्ट से डराने वाला हैवान गिरफ्तार, वायरल VIDEO के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा

प्रशासनिक कार्रवाई और पुलिस की जांच

ठाणे पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वे वीडियो की सत्यता की पुष्टि कर रहे हैं और उस निजी स्कूल या कॉलेज की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं जहां यह घटना घटी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन बच्चों तक नशीला पदार्थ पहुँचाने वाली सप्लाई चेन कहां से जुड़ी है।

इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नवभारत नहीं करता है और न ही स्वतंत्र रूप से इसकी सत्यता की जांच करता है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और नशे के बढ़ते चलन के खिलाफ कड़े कदम उठाने की आवश्यकता को रेखांकित किया है। अभिभावकों ने मांग की है कि ऐसे कृत्य में शामिल छात्रों के साथ-साथ उन लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई हो जो शिक्षण संस्थानों के आसपास नशा बेच रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com