

Flight Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों फ्लाइट के अंदर हंगामा करने वाले एक यात्री का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 29 जनवरी की है, जब वियतनाम के न्हा ट्रांग से बैंकॉक जा रही एक इंटरनेशनल एयरएशिया फ्लाइट में अचानक अफरा-तफरी मच गई।
उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक यात्री का व्यवहार असामान्य हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, रूसी भाषा बोलने वाला यह शख्स नशे की हालत में नजर आ रहा था और उसकी बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक उस यात्री ने अपने कपड़े उतारने शुरू कर दिए और कुछ ही देर में वह सिर्फ अंडरवियर में केबिन के अंदर इधर-उधर दौड़ने लगा। वह बार-बार वॉशरूम के चक्कर लगाता रहा और फिर केबिन क्रू से उसकी तीखी बहस शुरू हो गई।
हालात तब और बिगड़ गए, जब वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा और फ्लाइट का दरवाजा खोलने की मांग करने लगा। यात्रियों के मुताबिक, वह कह रहा था कि वह विमान से कूदना चाहता है, जिससे फ्लाइट के अंदर डर का माहौल बन गया।
स्थिति पूरी तरह बेकाबू होती देख क्रू ने यात्रियों और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया। जैसे ही विमान जमीन पर उतरा, आरोपी यात्री बिना अनुमति बाहर भागने की कोशिश करने लगा, इस दौरान उसका पैर भी घायल हो गया।
एयरपोर्ट पर मौजूद थाई पुलिस ने तुरंत उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया। फिलहाल यात्री से पूछताछ की जा रही है और यह जांच जारी है कि वह नशे में था या मानसिक रूप से अस्थिर। इस घटना ने फ्लाइट सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।