जर्मनी से लौटी बेटी ने पहली सैलरी से मां को दिए दो गोल्ड सेट, इमोशनल सरप्राइज देख छलक पड़े आंसू
Daughter Surprise Mother : जर्मनी में नौकरी कर रही एक भारतीय युवती ने अपनी पहली सैलरी से मां के लिए दो सोने के गहनों के सेट खरीदकर उन्हें सरप्राइज दिया। मां का भावुक रिएक्शन लोगों का दिल जीत रहा है।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
First Salary Gift : जर्मनी में रह रही एक भारतीय युवती का अपनी मां के लिए किया गया खास सरप्राइज सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत रहा है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक 2.1 करोड़ (21 मिलियन) से अधिक बार देखा जा चुका है।
वीडियो में वंशिका नाम की युवती अपनी पहली कमाई से खरीदे गए सोने के गहनों के जरिए मां को ऐसा तोहफा देती है, जिसे देखकर उनकी आंखें नम हो जाती हैं। यह वीडियो मां-बेटी के प्यार और परिवार के लिए किए गए त्याग की भावनात्मक कहानी बयां करता है।
बेटी ने पहली सैलरी से मां को दिए दो गोल्ड सेट
वीडियो की शुरुआत में वंशिका अपनी मां से मजाक करते हुए कहती हैं कि वह जर्मनी से उनके लिए कुछ नहीं लाई हैं। मां भी मुस्कुराकर जवाब देती हैं कि उन्हें किसी उपहार की जरूरत नहीं है। लेकिन कुछ ही पलों बाद वंशिका एक ज्वैलरी बॉक्स निकालती हैं, जिसमें सोने का खूबसूरत सेट होता है। इसे देखकर मां हैरान रह जाती हैं।
तभी बेटी एक और बॉक्स निकालती है और बताती है कि उसने अपनी पहली सैलरी से मां के लिए एक नहीं बल्कि दो गोल्ड सेट खरीदे हैं। यह देखकर मां खुद को रोक नहीं पातीं और भावुक होकर रोने लगती हैं। बेटी उन्हें गले लगाकर प्यार से संभालती है और कहती है, “आप क्यों रो रही हैं? रोना बंद कीजिए।”
ये खबर भी पढ़ें : झाड़ू छोड़ जिम मशीन पर चढ़ीं नौकरानी, CCTV वीडियो देख बोले लोग- ‘फिटनेस का असली जुनून यही है’
इमोशनल सरप्राइज देख छलक पड़े आंसू
पोस्ट के कैप्शन में वंशिका ने लिखा कि चार साल पहले जब वह अपने सपनों को पूरा करने के लिए जर्मनी गई थीं, तभी उन्होंने खुद से वादा किया था कि अपनी पहली कमाई से सबसे पहले मां के लिए कुछ खास खरीदेंगी। उन्होंने लिखा कि यह उपहार उनकी मां के वर्षों के त्याग और प्यार के लिए एक छोटा-सा धन्यवाद है।
वायरल वीडियो पर हजारों लोगों ने भावुक प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने लिखा कि हर बेटी का सपना होता है कि वह अपने माता-पिता को उनकी खुशियों का तोहफा दे सके। वहीं कुछ लोगों ने इसे परिवार, मेहनत और सपनों को पूरा करने की प्रेरणादायक कहानी बताया।
