

Dalhousie Viral Video: पहाड़ों पर घूमना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन यहां की छोटी-सी लापरवाही कितनी बड़ी जानलेवा साबित हो सकती है, इसका एक वीडियो सामने आया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी लोगों की जान बाल-बाल बच गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि टूरिस्टों से भरी एक गाड़ी अचानक पहाड़ पर पीछे की ओर लुढ़कने लगती है। हैरानी की बात यह है कि उस समय भी गाड़ी में कई सैलानी बैठे हुए थे।
जैसे ही गाड़ी लुढ़की, मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। कुछ पलों के लिए लगा कि शायद अब बचना मुश्किल है। लेकिन किस्मत से पीछे मौजूद एक पेड़ ने गाड़ी को रोक लिया। अगर ऐसा न होता, तो वाहन सीधे गहरी खाई में गिर सकता था और बड़ा हादसा हो सकता था, जिसमें कई जानें जा सकती थीं।
यह दिल दहला देने वाला वीडियो हिमाचल प्रदेश के मशहूर हिल स्टेशन डलहौजी का बताया जा रहा है। डलहौजी में हर साल लाखों पर्यटक घूमने आते हैं। साल के अंत और दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के चलते बड़ी संख्या में लोग इन दिनों पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में पर्यटकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है और इसी बीच यह लापरवाही भरा मामला सामने आया है। इस वीडियो को देखकर पहाड़ों पर घूमने की योजना बना रहे लोग भी हैरान हैं। साफ है कि थोड़ी-सी असावधानी भी बड़ा खतरा बन सकती थी।
इस घटना से यह सीख मिलती है कि ढलान पर गाड़ी खड़ी करते समय हमेशा पहियों के पास पत्थर जरूर रखें। वाहन रोकते ही पहिए के पीछे पत्थर लगाने की आदत होनी चाहिए। आम तौर पर हर ड्राइवर को यह बात पता होती है, लेकिन जरा-सी चूक ऐसी खतरनाक स्थिति पैदा कर सकती है।