नदी में मछली के जाल में फंसा विशाल मगरमच्छ, बेखौफ गांव वालों का वीडियो वायरल
Crocodile in Fishing Net : नदी में मछली पकड़ने के जाल में फंसे एक विशाल मगरमच्छ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गांव वाले बिना किसी डर के उसे घसीटते नजर आ रहे हैं।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Crocodile in River : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर अच्छे-अच्छों की रूह कांप जाए। नदी का पानी, चारों तरफ सन्नाटा और अचानक मछली पकड़ने के जाल में फंसा एक विशाल मगरमच्छ-यह नजारा किसी फिल्मी सीन जैसा लगता है, लेकिन हकीकत इससे कहीं ज्यादा डरावनी है।
जिस जानवर का नाम सुनते ही लोग दूर भागते हैं, उसी मगरमच्छ को गांव के लोग इस तरह घसीटते नजर आ रहे हैं, जैसे वह कोई आम मछली हो। वीडियो में न डर दिखता है, न घबराहट और न ही किसी तरह की जल्दबाजी, यही वजह है कि यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
मछली पकड़ने के जाल में फंसा मगरमच्छ
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नदी के बीच एक बड़ा मगरमच्छ मछली पकड़ने वाले जाल में बुरी तरह उलझा हुआ है। मगरमच्छ छटपटा रहा है, पानी उछल रहा है, लेकिन किनारे खड़े गांव वालों के चेहरे पर डर की जगह अजीब सी बेपरवाही नजर आती है। कुछ लोग नाव में बैठकर जाल खींच रहे हैं, जबकि बाकी लोग किनारे खड़े होकर तमाशा देख रहे हैं, मानो यह कोई रोजमर्रा की घटना हो।
हैरानी की बात यह है कि इतने खतरनाक जानवर को पकड़ने के दौरान न तो कोई सुरक्षा इंतजाम दिखाई देता है और न ही वन विभाग की मौजूदगी। लोग अपने हाथों से जाल खींचते नजर आते हैं, जैसे उनकी जान को कोई खतरा ही न हो।
ये खबर भी पढ़ें : ट्रैफिक में दिखा अनोखा नजारा, सनरूफ से बाहर झांकता पौधा हुआ सोशल मीडिया पर वायरल
लोगों की बेपरवाही पर छिड़ी बहस
वीडियो में आगे दिखाया जाता है कि कुछ देर की मशक्कत के बाद मगरमच्छ किसी तरह जाल से निकलकर वापस पानी की ओर चला जाता है। इसके बावजूद सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतनी लापरवाही कैसे की जा सकती है। वीडियो satyamgupta.89 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसे अब तक लाखों लोग देख चुके हैं।
कमेंट सेक्शन में यूजर्स भी हैरान हैं। एक यूजर ने लिखा, “भाई वो मगरमच्छ है, मछली नहीं।” दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, “वन विभाग को ये सब नहीं दिखेगा।” वहीं एक अन्य यूजर ने चेतावनी दी, “पानी में रहकर मगरमच्छ से बैर नहीं लेते, दिमाग फिर गया तो खेल खत्म हो जाएगा।” यही वजह है कि यह वीडियो डर और हैरानी के साथ-साथ बहस का विषय भी बन गया है।
