गाय ने दिखाई ताकत के साथ करुणा, कुत्ते के पिल्लों को बिना नुकसान पहुंचाए हटाया; वीडियो ने दी बड़ी सीख

Cow and Puppies : सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में गाय ने कुत्ते के नन्हे पिल्लों के प्रति करुणा दिखाकर इंसानों को ताकत और जिम्मेदारी की बड़ी सीख दी है।
A viral video shows a cow choosing compassion over aggression, teaching a powerful lesson about strength and responsibility.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Animal Compassion : गाय को हमेशा से ही एक शांतिप्रिय और करुणामयी पशु माना जाता है, लेकिन उसकी ताकत को अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इस बात को खूबसूरती से साबित करता है कि असली ताकत हिंसा में नहीं, बल्कि संयम और समझदारी में होती है।

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक गाय के आसपास कुछ कुत्ते के नन्हे पिल्ले घूम रहे हैं और उनकी मां गाय से उलझने की कोशिश कर रही है। हालात ऐसे हैं कि अगर गाय चाहे, तो पलभर में पिल्लों को नुकसान पहुंचा सकती है, लेकिन वह ऐसा नहीं करती।

ताकतवर वो जो कभी कमजोर पर हाथ ना उठाए

वीडियो में नजर आता है कि गाय पूरी तरह शांत रहते हुए सिर्फ इतना करती है कि पिल्ले और उनकी मां उससे दूरी बनाए रखें। वह न तो आक्रामक होती है और न ही हमला करती है। इस पूरे दृश्य को सोशल मीडिया क्रिएटर अंकुर सिंह ने कैमरे में कैद किया और इसके जरिए एक गहरी सीख दी।

वीडियो में अंकुर कहते हैं कि ताकतवर को कभी कमजोर पर हाथ नहीं उठाना चाहिए। गाय चाहकर भी इन मासूम पिल्लों को नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि सिर्फ डराकर उन्हें दूर करती है। यही व्यवहार बताता है कि शक्ति का सही इस्तेमाल क्या होता है।

इंसानों को जानवरों से सीखने की जरूरत

अंकुर सिंह इस वीडियो के जरिए ‘Power Comes With Responsibility’ यानी ताकत के साथ जिम्मेदारी आती है, इस मशहूर डायलॉग को जानवरों के उदाहरण से समझाते हैं। उन्होंने बताया कि इंसान जितना ताकतवर होता जाता है, उसे उतना ही विनम्र होना चाहिए। लड़ना हमेशा विकल्प होता है, मजबूरी नहीं। जो वास्तव में मजबूत होता है, उसके पास लड़ने की ताकत भी होती है और न लड़ने का संयम भी।

‘जय महाकाल’ कैप्शन के साथ पोस्ट की गई इस Reel को अब तक करोड़ों व्यूज मिल चुके हैं और लाखों लोग इसे लाइक कर चुके हैं। कमेंट सेक्शन में लोग इस वीडियो को देखकर भावुक नजर आ रहे हैं और कह रहे हैं कि अगर इंसान भी जानवरों से यह सीख ले ले, तो दुनिया कहीं ज्यादा बेहतर जगह बन सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com