वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Student Teacher Fight Video : आंध्र प्रदेश के एक सरकारी स्कूल से शिक्षक और छात्र के बीच हुए विवाद का मामला सामने आया है। यह घटना राज्य के वीरावल्ली गांव स्थित जिला परिषद हाई स्कूल (Zilla Parishad High School) में हुई बताई जा रही है।
इस दौरान 10वीं कक्षा के एक छात्र और शिक्षक के बीच तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब एक शिक्षक ने छात्र को किसी बात पर डांट लगाई। शुरुआत में यह एक सामान्य अनुशासनात्मक बातचीत मानी जा रही थी, लेकिन बाद में बहस तेज हो गई। बताया जा रहा है कि बहस के दौरान शिक्षक ने छात्र से कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा में बात की।
इस बात से छात्र काफी नाराज हो गया और गुस्से में उसने शिक्षक को घूंसा मार दिया। इसके बाद दोनों के बीच थोड़ी देर के लिए हाथापाई की स्थिति बन गई, जिसे वहां मौजूद अन्य लोगों ने किसी तरह शांत कराया।
ये खबर भी पढ़ें : एयरपोर्ट पर इंडिगो क्रू ने नन्हे बच्चे पर लुटाया प्यार, प्यारा वीडियो हुआ वायरल
घटना के समय स्कूल परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय प्रशासन और स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है ताकि पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सके। इसके आधार पर छात्र और संबंधित लोगों के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्कूल प्रशासन ने छात्रों और शिक्षकों से शांत माहौल बनाए रखने की अपील की है।