चांदनी चौक का रिक्शावाला बना इंटरनेट स्टार, विदेशी पर्यटकों से स्पेनिश में बात कर जीत रहा दिल
Rickshaw Driver Spanish Speaking : पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक में रिक्शा चलाने वाले असलम का वीडियो वायरल हो रहा है। हिंदी, अंग्रेजी और स्पेनिश में बातचीत करने की कला लोगों को हैरान कर रही है।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Chandni Chowk Rickshaw Puller : दिल्ली के मशहूर चांदनी चौक की गलियों से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। वीडियो में असलम नाम का एक रिक्शा चालक विदेशी पर्यटकों से न केवल हिंदी और अंग्रेजी में, बल्कि धाराप्रवाह स्पेनिश भाषा में भी बातचीत करता नजर आ रहा है।
उसकी भाषा पर पकड़ और आत्मविश्वास देखकर लोग हैरान रह गए हैं। यही वजह है कि यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और यूजर्स उसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
रिक्शा चालक ने स्पेनिश बोलकर जीता विदेशी पर्यटकों का दिल
वायरल वीडियो में असलम सबसे पहले कैमरे के सामने अपना परिचय देता है और बताता है कि उसके साथ स्पेन से आए कुछ पर्यटक घूमने वाले हैं। इसके बाद वह स्पेनिश भाषा में उनका स्वागत करता है, जिसे सुनकर विदेशी मेहमान भी खुश हो जाते हैं। बातचीत के दौरान पर्यटक बताते हैं कि उन्हें भारत और खासकर पुरानी दिल्ली काफी पसंद आई है।
जब असलम उनसे उनके अगले सफर के बारे में पूछता है तो वे बताते हैं कि वे वाराणसी जा रहे हैं। यह सुनकर असलम उत्साहित हो जाता है और बताता है कि वाराणसी उसका गृह नगर है। वह पर्यटकों को शुभकामनाएं भी देता है, जिससे माहौल और भी दोस्ताना हो जाता है।
ये खबर भी पढ़ें : 5 फीट लंबे सांप को हाथों में उठाकर ले गई महिला, वायरल वीडियो देख लोगों के उड़ गए होश
रिक्शा चालक की अनोखी प्रतिभा की हो रही जमकर तारीफ
असलम की लोकप्रियता केवल इस एक वीडियो तक सीमित नहीं है। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता है और विदेशी यात्रियों के साथ बातचीत के वीडियो साझा करता रहता है। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 92 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
इससे पहले भी उसके कई वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिनमें वह अंग्रेजी, जर्मन और अन्य विदेशी भाषाओं में पर्यटकों से बात करता दिखाई दिया था। यूजर्स का कहना है कि असलम जैसे लोग भारत की मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक विविधता की खूबसूरत तस्वीर दुनिया के सामने पेश करते हैं। यही कारण है कि उसकी यह अनोखी प्रतिभा लोगों का दिल जीत रही है।
