दुपट्टे का सहारा देकर नवविवाहिता ने बचाई बाढ़ में फंसे बाइक सवार की जान, वीडियो वायरल

Chamba Flash Flood : हिमाचल प्रदेश के चंबा में फ्लैश फ्लड में फंसे बाइक सवार को एक परिवार ने बचाया। नवविवाहिता ने दुपट्टा बढ़ाकर उसकी मदद की, जिसे पकड़कर बाइक सवार सुरक्षित बाहर निकल सका।
A newlywed woman used her dupatta to help rescue a biker trapped in a flash flood.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट(सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Biker Rescue Viral Video : हिमाचल प्रदेश के चंबा में अचानक आई फ्लैश फ्लड के बीच एक बाइक सवार की जान बाल-बाल बच गई। तेज बारिश के बाद सड़क पर अचानक पानी का बहाव बढ़ गया था, जिसकी चपेट में बाइक सवार आ गया। पानी का तेज बहाव इतना ज्यादा था कि उसके लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो रहा था।

इसी दौरान वहां से एक परिवार कार से गुजर रहा था। परिवार के लोगों की नजर जब मुश्किल में फंसे बाइक सवार पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत गाड़ी रोक दी और उसकी मदद करने के लिए आगे आए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दुपट्टे से बाइक सवार की बचाई जान

वीडियो में दिखाई देता है कि एक व्यक्ति कार से उतरकर बाइक सवार तक पहुंचने की कोशिश करता है, लेकिन सड़क पर तेज गति से बह रहे पानी के कारण उसके लिए वहां तक जाना आसान नहीं था। इसी बीच परिवार के साथ मौजूद एक नवविवाहिता महिला कार से बाहर आई और उसने अपना दुपट्टा उतारकर बाइक सवार की तरफ बढ़ा दिया।

बाइक सवार ने दुपट्टे को पकड़ लिया और उसे सहारे के तौर पर इस्तेमाल करते हुए धीरे-धीरे कार की तरफ आने लगा। वहां मौजूद व्यक्ति ने भी उसका हाथ पकड़कर मदद की। दोनों की मदद से बाइक सवार को आखिरकार तेज बहाव से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है और परिवार की तत्परता की सराहना हो रही है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

चंबा और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। इससे पहले चंबा की कोडला-उरई सड़क पर भी भारी भूस्खलन हुआ था, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ। पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा सड़क पर आ गिरा था और मलबे के साथ चट्टानें भी नीचे आ गई थीं।

हालांकि उस घटना में किसी वाहन या व्यक्ति के इसकी चपेट में आने की खबर नहीं थी और कोई जनहानि नहीं हुई थी। लगातार बारिश के बीच प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से लोगों को संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

A newlywed woman used her dupatta to help rescue a biker trapped in a flash flood.
SUV के नीचे फंसी 14 साल की लड़की, 30 लोगों ने मिलकर उठाई गाड़ी और बचाई जान
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com