

Viral Rescue Video : चीन के झेजियांग प्रांत से इंसानियत और एकजुटता की मिसाल पेश करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि एक 14 साल की लड़की अपनी मां के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी पर जा रही थी। इसी दौरान हुए हादसे में लड़की सड़क पर गिर गई और एक SUV की चपेट में आने के बाद उसके नीचे फंस गई।
हादसे के बाद लड़की काफी डर गई थी। उसकी हालत देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए आगे आने का फैसला किया। देखते ही देखते करीब 30 लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और लड़की को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कई लोग SUV के चारों तरफ खड़े हैं। सभी एक साथ गाड़ी को उठाने की कोशिश करते हैं। कुछ ही देर में करीब 30 लोग मिलकर भारी SUV को ऊपर उठा देते हैं और लड़की को उसके नीचे से निकाल लिया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है।
हादसे के बाद दुकानदार, ग्राहक और आसपास से गुजर रहे राहगीर भी मदद के लिए रुक गए थे। बताया गया है कि लड़की को हादसे में कुछ चोटें और खरोंचें आईं, जबकि उसकी कुछ हड्डियां भी टूट गईं। हालांकि, उसकी जान को खतरा नहीं बताया गया है।
इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो रहा है और लोग मौके पर मौजूद राहगीरों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो को देखकर यूजर्स का कहना है कि मुश्किल समय में लोगों ने बिना किसी देरी के एकजुट होकर बच्ची की मदद की। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए राहगीरों को ‘हीरो’ बताया गया।
एक यूजर ने इसे हिम्मत और टीमवर्क का शानदार उदाहरण बताया, जबकि दूसरे ने कहा कि लड़की की मदद के लिए आगे आने वाले हर व्यक्ति को इसका श्रेय मिलना चाहिए। यह घटना दिखाती है कि संकट की घड़ी में लोगों की एकता और इंसानियत किसी की जिंदगी बचाने में कितनी अहम भूमिका निभा सकती है।