अजीबो-गरीब हादसा : चलती कार पर आसमान से गिरी बिल्ली, महिला ड्राइवर बाल-बाल बची

Highway Incident उत्तरी कैरोलिना में एक महिला ड्राइवर उस समय दहशत में आ गई, जब उसकी चलती कार की विंडशील्ड पर अचानक आसमान से एक मरी हुई बिल्ली आ गिरी।
A woman driving on a North Carolina highway narrowly survived when an eagle dropped a dead cat onto her car windshield, shattering the glass.
हादसे की तस्वीर (सोर्स - इंटरनेट)
Published on
Updated on

Car Accident : उत्तरी कैरोलिना में एक महिला ड्राइवर का सफर उस समय खतरनाक मोड़ ले गया, जब हाईवे पर चलते-चलते उसकी कार की विंडशील्ड पर अचानक आसमान से एक मरी हुई बिल्ली आ गिरी। यह अजीब और डरावनी घटना ग्रेट स्मोकी माउंटेन नेशनल पार्क के पास की है।

कार चला रही 28 वर्षीय मेलिसा श्लार्ब ने बताया कि उन्हें समझ ही नहीं आया कि आखिर यह हुआ कैसे। हाईवे पर न तो कोई इमारत थी, न कोई पेड़ और न आसपास कोई व्यक्ति—फिर बिल्ली आसमान से कार पर कैसे गिरी।

चील ने आसमान से बिल्ली को कार पर गिराया

इस घटना के बाद जब वह कार से बाहर निकली तो उन्होंने आसमान की ओर देखा। तभी कुछ अन्य चालकों ने उन्हें बताया कि एक चील आसमान में उड़ते हुए अपने पंजों में एक मरी हुई बिल्ली लेकर जा रही थी और उसने ठीक उनके ऊपर उस बिल्ली को गिरा दी। बिल्ली इतनी तेजी से विंडशील्ड से टकराई कि टूटे कांच हर तरफ फैल गए और कार का शीशा चकनाचूर हो गया।

श्लार्ब ने बताया, “ऐसा लगा जैसे कोई बम मेरी कार पर फट गया हो।” जैसे ही तेज आवाज आई, उन्होंने झटके से ब्रेक लगा दिए। सामने शीशा टूट चुका था और बगल वाली सीट पर वह मरी हुई बिल्ली पड़ी थी। यह देखकर वह डर गईं क्योंकि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि ऐसा हादसा सच में हो सकता है।

बाल-बाल बची महिला

घटना के बाद श्लार्ब ने हाईवे डिस्पैचर को कॉल किया ताकि कार और सड़क को साफ करवाया जा सके। उन्होंने पूरी घटना बताई तो डिस्पैचर खुद भी हैरान रह गया और मजाक में पूछा, “बिल्ली जिंदा है क्या?” जिस पर श्लार्ब ने बताया कि बिल्ली पूरी तरह मरी हुई थी और चील के पंजों से गिरकर सीधा उनकी कार पर आ गिरी थी।

श्लार्ब का कहना है कि वह रोज इसी रास्ते से गुजरती हैं, लेकिन इस तरह चील को उस इलाके में देखना उनके लिए नया था। उन्होंने दूर से चील को कुछ पकड़े हुए देखा था, लेकिन ध्यान नहीं दिया। कुछ ही सेकंड बाद वह वस्तु उनकी कार पर इतनी जोर से गिरी जैसे कोई गोली टकराई हो। यह घटना उनके लिए किसी डरावने सपने से कम नहीं थी, हालांकि अच्छा यह रहा कि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

Navbharat Live
navbharatlive.com