बिना पैसे भारत घूमने निकला विदेशी, ब्रिटिश यूट्यूबर को मिली दिल जीतने वाली मेहमाननवाजी
British YouTuber Viral Video : बिना पैसे भारत में एक दिन बिताने निकले ब्रिटिश यूट्यूबर हैरी जैगार्ड को अमृतसर में एक दुकानदार ने मेहमान की तरह स्वागत किया। इस कहानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
- Written By: हितेश तिवारी
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Zero Money Challenge : भारत में मेहमाननवाजी की मिसालें अक्सर देखने को मिलती हैं और इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। ब्रिटिश यूट्यूबर हैरी जैगार्ड ने भारत में बिना एक भी रुपया खर्च किए पूरा दिन बिताने का चैलेंज लिया था।
इसी दौरान वह अमृतसर पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात एक स्थानीय दुकानदार युगम लांबा से हुई। हैरी ने दुकानदार को बताया कि वह बिना पैसे के दिन गुजारने की कोशिश कर रहे हैं। उनकी बात सुनकर दुकानदार ने उन्हें मना करने के बजाय मुस्कुराते हुए स्वागत किया और कहा कि भारत में मेहमानों की मदद करना आम बात है।
नो मनी चैलेंज बना इंसानियत की मिसाल
इसके बाद युगम लांबा यूट्यूबर को अपनी दुकान की छत पर ले गए और उन्हें चाय व बिस्किट ऑफर किए। दोनों ने कुछ समय तक बातचीत की और अमृतसर की संस्कृति व शहर के बारे में चर्चा की। यहीं बात खत्म नहीं हुई। दुकानदार ने हैरी को पंजाब के मशहूर चोले-कुलचे भी खिलाए ताकि उन्हें पूरे दिन भूखा न रहना पड़े।
वीडियो में दोनों को शहर की सड़कों पर घूमते, स्थानीय लोगों से मिलते और पंजाबी माहौल का आनंद लेते हुए भी देखा जा सकता है। इस दौरान यूट्यूबर ने भारतीय लोगों की गर्मजोशी और अपनापन भी महसूस किया।
ये खबर भी पढ़ें : ताजमहल परिसर में बंदरों की ‘पूल पार्टी’! पानी के टैंक में मस्ती करते वीडियो हुए वायरल
लोगों ने की भारतीय संस्कृति की जमकर तारीफ
वीडियो के आखिर में दुकानदार ने हैरी को एक पारंपरिक स्कार्फ भी भेंट किया। यह वीडियो भले ही कुछ समय पहले रिकॉर्ड किया गया था, लेकिन अब एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग कमेंट सेक्शन में दुकानदार की दरियादिली और भारतीय संस्कृति की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
कई यूजर्स का कहना है कि भारत की सबसे बड़ी पहचान यहां के लोगों का अपनापन और मेहमानों के प्रति सम्मान है। यही वजह है कि यह वीडियो सिर्फ एक चैलेंज नहीं, बल्कि इंसानियत, दयालुता और भारतीय मेहमाननवाजी की खूबसूरत कहानी बन गया है।
