

Drunk Tourist Market Chaos : हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विदेशी पर्यटक ने कथित तौर पर नशे की हालत में बाजार के बीच जमकर हंगामा किया। यह घटना शहर के व्यस्त कचहरी चौक और कोतवाली बाजार इलाके की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विदेशी नागरिक सड़क किनारे अचानक उत्पात मचाने लगा, जिससे स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और पर्यटकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि नशे में धुत पर्यटक ने सब्जी विक्रेताओं की दुकान से सामान उठाकर सड़क पर फेंक दिया। इतना ही नहीं, उसने एक टैक्सी पर पत्थर भी फेंके, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उसे शांत कराने की कोशिश की, लेकिन वह काफी देर तक हंगामा करता रहा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात एक महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया और विदेशी नागरिक को हिरासत में ले लिया। कचहरी चौक के पास फल विक्रेता जोगिंदर पाल ने बताया कि पर्यटक की हरकतों से पूरे इलाके में डर और असुविधा का माहौल बन गया था। इस हंगामे का पूरा वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो देख सोशल मीडिया यूजर्स हैरान और आक्रोशित हैं।
वहीं स्थानीय व्यापारियों ने भी भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। धर्मशाला के एएसपी ने बताया कि विदेशी नागरिक से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वह कहां ठहरा हुआ था तथा उसके भारत दौरे से जुड़ी अन्य जानकारियां क्या हैं। मामले की जांच जारी है।