

British Tourist Indian Airports Review : उत्तर प्रदेश तेजी से भारत के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी पहचान बना रहा है। हाल के वर्षों में राज्य ने घरेलू पर्यटन में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। 2024 में लाखों विदेशी पर्यटकों ने यूपी का रुख किया और 2025 में यह आंकड़ा और भी बढ़ गया।
यही वजह है कि अब विदेशी पर्यटक खुलकर यहां की सुविधाओं, संस्कृति और व्यवस्थाओं की सराहना करते नजर आ रहे हैं। इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक ब्रिटिश टूरिस्ट लखनऊ एयरपोर्ट की जमकर तारीफ करता दिख रहा है।
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @flewy86 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो में ब्रिटिश फोटोग्राफर डेव फ्लू लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तारीफ करते नजर आते हैं। वह कहते हैं कि यह एयरपोर्ट बेहद आधुनिक, साफ-सुथरा और कुशल तरीके से संचालित है।
उन्होंने सुरक्षा जांच प्रक्रिया को भी आसान और व्यवस्थित बताया। साथ ही यात्रियों को सलाह दी कि इलेक्ट्रॉनिक सामान को बैग से पहले ही निकाल लें, जिससे जांच में आसानी होती है। उनके मुताबिक, इस तरह की व्यवस्था भले थोड़ी झंझट वाली लगे, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है।
डेव फ्लू ने एयरपोर्ट की सजावट और प्रीमियम सुविधाओं की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां हर जगह शानदार बार और सुविधाएं मौजूद हैं, जो इसे एक अलग स्तर पर ले जाती हैं। अपने अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि लखनऊ एयरपोर्ट ने कई अन्य हवाई अड्डों के लिए एक नया मानक तय किया है और यह इंग्लैंड के कई एयरपोर्ट्स से भी बेहतर है।
इतना ही नहीं, जब एक यूजर ने उनसे पूछा कि क्या यह दिल्ली एयरपोर्ट से बेहतर है, तो उन्होंने कूटनीतिक अंदाज में ‘हां’ कहा। वीडियो वायरल होते ही लोग यूपी और भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।