चलती ट्रेन में मोबाइल छीनने की कोशिश पड़ी भारी, खिड़की से हाथ पकड़कर अगले स्टेशन तक लटकाए रखा; आरोपी गिरफ्तार

Mobile Thief Train Video : बिहार में चलती ट्रेन में मोबाइल छीनने की कोशिश करने वाले एक युवक को यात्रियों ने खिड़की से पकड़ लिया और अगले स्टेशन तक नहीं छोड़ा।
Passengers caught a mobile snatching suspect through a train window in Bihar and handed him over to the police at the next station.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bihar Train Viral Video : बिहार में चलती ट्रेन में मोबाइल छीनने की कोशिश करने वाले एक युवक को यात्रियों ने ऐसा सबक सिखाया कि उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला 9 जुलाई की रात बरौनी-कटिहार रेलखंड पर चल रही जनहित एक्सप्रेस का है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन जब मानसी रेलवे स्टेशन पर रुकी थी, तभी एक युवक ने कोच की खिड़की से यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की। हालांकि, यात्री और अन्य लोगों ने तुरंत उसका हाथ पकड़ लिया। ट्रेन चलने के बाद भी यात्रियों ने आरोपी का हाथ नहीं छोड़ा, जिससे वह ट्रेन के बाहर लटका रहा और अगला स्टेशन आने तक खुद को छुड़ा नहीं सका।

चलती ट्रेन की खिड़की से चोर को लटकाया

खगड़िया जीआरपी के अनुसार, आरोपी को बचाने की कोशिश उसके कुछ साथियों ने भी की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। ट्रेन खगड़िया स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों ने आरोपी को सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के हवाले कर दिया।

वायरल वीडियो में आरोपी ट्रेन के बाहर लटका दिखाई देता है, जबकि अंदर बैठे यात्री उसका हाथ पकड़े हुए नजर आते हैं। इस घटना ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है। हालांकि पुलिस ने बताया कि इस दौरान न तो किसी यात्री और न ही आरोपी के घायल होने की सूचना मिली है।

अगले स्टेशन पर चोर को पुलिस के हवाले किया

खगड़िया जीआरपी थाना प्रभारी मोहम्मद अलाउद्दीन ने आरोपी की पहचान भागलपुर जिले के नवगछिया निवासी मोहम्मद फखरुद्दीन उर्फ छोटू के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मानसी स्टेशन पर ट्रेन रुकने के दौरान मोबाइल छीनने की कोशिश की थी।

गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सतर्क रहें और चोरी या मोबाइल छिनैती जैसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत रेलवे अधिकारियों या जीआरपी को दें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com