चेहरा छिपाकर सरकारी बस में चढ़े परिवहन मंत्री, कंडक्टर ने छुट्टे पैसे ना होने पर बस से उतारा, देखें VIDEO

BMTC Bus Inspection: कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायराथी सुरेश ने चेहरा छिपाकर BMTC बसों का औचक निरीक्षण किया। नियमों के उल्लंघन पर ड्राइवर-कंडक्टर सस्पेंड हुए। मंत्री को भी कड़वे अनुभव झेलने पड़े।
Byrathi Suresh BMTC Bus Inspection video
सरकारी बस में सफर करते परिवहन मंत्री (Image- Social Media)
Updated on

Byrathi Suresh BMTC Bus Inspection Video: कर्नाटक के परिवहन मंत्री बायराथी सुरेश शनिवार रात को बेंगलुरु में सड़कों पर निकले। यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए चेहरा छिपाकर बीएमटीसी (BMTC) बसों का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने करीब 2 घंटे तक 10 से अधिक बसों में आम यात्री की तरह सफर किया।

मंत्री के औचक निरीक्षण के दौरान लापरवाही बरतने और नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में BMTC बस संख्या KA-57 F-3372 के ड्राइवर और कंडक्टर को तत्काल निलंबित भा किया गया। बायरथी सुरेश ने कहा कि परिवहन कर्मचारियों में अनुशासन लागू करने और जवाबदेही बढ़ाने के लिए यह कार्रवाई की गई है।

ड्राइवर और कंडक्टर को किया सस्पेंड

औचक निरीक्षण के दौरान मंत्री ने देखा कि एक यात्री उतरने के लिए कहता है, इसके बावजूद बस संख्या KA-57 F-3372 के ड्राइवर और कंडक्टर ने बस स्टॉप पर बस नहीं रोकी। आम यात्रियों के प्रति इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार और लापरवाही को गंभीरता से लिया गया। परिवहन मंत्री ने मौके पर ही इन दोनों कर्मचारियों को सस्पेंड करने का निर्देश दिया है।

छुट्टे पैसे ना होने पर विवाद

सरकारी बस में सफर के दौरान मंत्री को खुद भी एक बेहद कड़वे अनुभव का सामना करना पड़ा। हेब्बाल से नागाशेट्टीहल्ली रूट पर यात्रा करते समय, जब मंत्री ने किराए के लिए 100 रुपये का नोट दिया तो बस के कंडक्टर ने उनको बस से नीचे उतर जाने को कहा। उसके पास छुट्टे पैसे न होने का हवाला देकर मंत्री को बस से नीचे उतर जाने के लिए कह दिया।

 आगे भी करते रहेंगे औचक निरीक्षण

इस दौरान मंत्री ने नागाशेट्टीहल्ली में एक ऑटो-रिक्शा चालक की मनमानी पर भी हस्तक्षेप किया। ऑटो चालक किराया मीटर में 30 रुपये दिखने के बावजूद कथित तौर पर 36 रुपये मांग रहा था। बायराथी सुरेश ने साफ कहा कि बेंगलुरु में यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने, अनुशासन लागू करने और जवाबदेही तय करने के लिए वो इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार करते रहेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com