वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Inspirational Viral Video : बेंगलुरु की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच एक छोटी-सी घटना ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया। यहां एक महिला बस कंडक्टर अपनी ड्यूटी के दौरान ब्रेक में किताब पढ़ती नजर आईं। इंस्टाग्राम यूजर वर्षिनी ने इस पल को कैमरे में कैद किया।
वह खुद ऑफिस से थकी हुई लौट रही थीं, तभी उनकी नजर बस के अंदर बैठी उस कंडक्टर पर पड़ी, जो शोर और थकान के माहौल के बीच पूरी तल्लीनता से पढ़ाई कर रही थीं। उनके चेहरे को वीडियो में नहीं दिखाया गया, ताकि उनकी निजता बनी रहे।
वीडियो में महिला कंडक्टर यूनिफॉर्म में बस की सीट पर बैठी नजर आती हैं और शांति से पन्ने पलटती दिखती हैं। आसपास रोज की तरह यात्रियों की हलचल और ट्रैफिक का शोर है, लेकिन उनका ध्यान सिर्फ किताब पर है। वर्षिनी ने कैप्शन में लिखा कि वह खुद बेहद थकी हुई थीं, लेकिन इस दृश्य ने उन्हें गहराई से प्रेरित किया।
उन्होंने लिखा, “अगर वह इतने लंबे और मुश्किल काम के बीच पढ़ाई चुन सकती हैं, तो हम सब भी अपने सपनों के लिए समय निकाल सकते हैं।” उन्होंने यह भी साफ किया कि उनका मकसद सिर्फ लोगों को प्रेरित करना है, इसलिए उन्होंने महिला का चेहरा नहीं दिखाया।
ये खबर भी पढ़ें : बेंगलुरु ट्रैफिक में ‘अरे लेडीज है’ सुनते ही मुस्कुराईं राइडर, 1.7 मिलियन व्यूज के साथ वीडियो वायरल
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई यूजर्स ने इसे मेहनत और लगन की मिसाल बताया। लोगों ने कमेंट कर लिखा कि असली प्रेरणा ऐसे ही साधारण पलों में मिलती है, जहां कोई बिना शोर किए खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करता है।
किसी ने लिखा, “सीखने की कोई उम्र नहीं होती,” तो किसी ने कहा, “थकान बहाना नहीं बन सकती।” बिना किसी बड़े भाषण या दिखावे के, बस की सीट पर बैठी एक महिला की शांत मेहनत ने हजारों लोगों को आगे बढ़ने का संदेश दे दिया।