

Arunachal Girl Viral Video : अरुणाचल प्रदेश की छोटी बच्ची कर्गा टिंकल गोंगो कुछ दिनों पहले एक वीडियो के कारण सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थीं। अब उनका एक नया और खुशहाल वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में गोंगो उन लोगों का शुक्रिया अदा करती नजर आ रही हैं, जिन्होंने उनके वायरल वीडियो के बाद उन्हें प्यार और समर्थन दिया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में बच्ची मुस्कुराते हुए लोगों को धन्यवाद कहती है। वह कहती है, “अब हम इंडिया हो गया।” इसके बाद उनकी मां भी बच्ची से कहती हैं कि अब इंटरनेट पर लोग उन्हें 'इंडिया का बेबी' कह रहे हैं। बच्ची कैमरे की ओर देखकर लोगों से कहती है, “Thank you, आप सबको।”
दरअसल, यह वीडियो उस घटना के कुछ दिन बाद सामने आया है, जिसने गोंगो को सोशल मीडिया पर पहचान दिलाई। पहले वायरल हुए वीडियो में उनसे पूछा गया था कि क्या वह चीनी हैं। इस सवाल पर बच्ची ने तुरंत जवाब देते हुए कहा था, “हमको इंडियन बोलो।”
इसके बाद उन्होंने बताया था कि अपनी शक्ल-सूरत की वजह से बार-बार चीनी कहे जाने पर उन्हें गुस्सा और दुख होता है। उनकी मासूम लेकिन स्पष्ट बात सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई और बड़ी संख्या में लोगों ने उनका समर्थन किया। कई यूजर्स ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के लोगों को उनकी शक्ल-सूरत के आधार पर किसी दूसरे देश का नागरिक मानना गलत है।
गोंगो के नए वीडियो ने अब सोशल मीडिया पर एक अलग तरह की प्रतिक्रिया पैदा की है। पहले वीडियो में जहां बच्ची ने नस्लीय टिप्पणी और पहचान को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी, वहीं नए वीडियो में वह लोगों के प्यार से खुश नजर आ रही है।
वायरल वीडियो के बाद उनके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की संख्या भी तेजी से बढ़ी और रिपोर्ट के मुताबिक यह संख्या 82 हजार से अधिक हो गई है। गोंगो का नया संदेश इंटरनेट पर लोगों को पसंद आ रहा है। उनकी कहानी ने एक बार फिर यह सवाल सामने रखा है कि किसी व्यक्ति की शक्ल-सूरत देखकर उसकी राष्ट्रीयता या पहचान को लेकर धारणा बनाना कितना गलत हो सकता है।