

Bhalswa Dairy Attack on Delhi Police: दिल्ली के से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दिल्ली पुलिस की लोग पिटाई करते नजर आ रहे है। यह चौंकाने वाला मामला दिल्ली की भलस्वा डेयरी से सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार की बताई जा रही है। शनिवार को दिल्ली पुलिस नियमित रूप से पेट्रोलिंग कर रहे थे। पेट्रोलिंग के बीच उन्होंने एक गाड़ी की चेकिंग की। चेकिंग के दौरान उन्होंने एक गाड़ी जब्त की थी।
जैसे ही दिल्ली पुलिस ने गाड़ी को जब्त किया, तभी गाड़ी के मालिक समेत लोगों के एक समूह ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने पुलिस की आंखों में लाल मिर्ची झोंक दी और फिर उन पर जमकर लाठियां बरसाई। बताया जा रहा है कि उन पर ईंट और डंडों से भी हमला किया गया।
देखते-ही-देखते सोशल मीडिया पर इस मामले का वीडियो वायरल हो गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ा है। मारपीट के बाद अन्य आरोपी फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य फरार आरोपी की पहचान सुनील उर्फ पंकज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सुनील के खिलाफ पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में NDPS के 2 मामले भी शामिल हैं। बाकी आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की टीम अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके लिए अलग से टीम बनाई गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर रही है। इसके अलावा पकड़े गए नाबालिग लड़के को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दिल्ली पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज वाली एक मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने में जमा कर लिया। दोपहर करीब 3:30 बजे बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोग पुलिसकर्मियों की कार्रवाई का विरोध करने पहुंचे थे।